Ranchi News: झारखंड में मतदाता पंजीकरण एवं मतदाता सूची प्रबंधन को लेकर 2 और 3 सितंबर को रांची में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (NUSRL), रांची में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का विषय "Voter Registration and Voter Registers 2026" रखा गया है.
इसे भी पढ़ें:
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने मंगलवार को निर्वाचन सदन, धुर्वा में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि सम्मेलन का उद्घाटन 2 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे से होगा.
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का आयोजन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, झारखंड द्वारा सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के सहयोग से किया जा रहा है. IIM रांची, NUSRL रांची और सेंट जेवियर्स कॉलेज रांची इसके नॉलेज पार्टनर हैं.
सम्मेलन के लिए देश-विदेश के विभिन्न संस्थानों, रिसर्च स्कॉलर्स और निर्वाचन विषय के शिक्षाविदों से शोध-पत्रों के एब्सट्रैक्ट्स आमंत्रित किए गए थे. कुल 230 एब्सट्रैक्ट्स प्राप्त हुए, जिनमें मूल्यांकन के बाद 80 का चयन किया गया. विभिन्न राज्यों के विषय विशेषज्ञों से प्राप्त शोध-पत्रों सहित अंतिम रूप से 57 शोध-पत्रों का चयन किया गया है. इन्हें सम्मेलन के विभिन्न तकनीकी सत्रों में प्रस्तुत किया जाएगा.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि शुद्ध, समावेशी, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची लोकतांत्रिक निर्वाचन व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है. सम्मेलन में मतदाता पंजीकरण, निर्वाचक नामावली प्रबंधन, डिजिटाइजेशन, मतदाताओं की समावेशिता और लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन का उद्देश्य निर्वाचन प्रबंधन के व्यावहारिक अनुभवों और अकादमिक शोध को एक मंच पर लाना है. देश-विदेश के विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के अनुभवों से मतदाता सूची प्रबंधन की वर्तमान एवं भविष्य की चुनौतियों को समझने और बेहतर कार्यप्रणालियों की पहचान करने में मदद मिलेगी.
सम्मेलन में सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के कुलपति प्रो. सारंग मेधेकर, NUSRL के कुलपति प्रो. (डॉ.) अशोक आर. पाटिल, IIM रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव और सेंट जेवियर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रॉबर्ट प्रदीप कुजूर सहित कई शिक्षाविद् और विशेषज्ञ शामिल होंगे. भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव अरविंद आनंद भी विशिष्ट अतिथियों में शामिल होंगे.
उद्घाटन सत्र में "Voter Registration and Voter Registers" विषयक पुस्तक और सम्मेलन की स्मारिका का भी लोकार्पण किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

