National News : CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की लगातार मांग कर रहे राहुल गांधी के विदेश दौरे पर भाजपा हमलावर है. भाजपा ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा है. वीडियो में एक विमान के बिजनेस-क्लास केबिन में राहुल गांधी जैसा दिखने वाला एक व्यक्ति नजर आ रहा है. भाजपा ने लिखा, झूठ फैला-फैलाकर बहुत थक गया हूं. अब कुछ दिनों के लिए वियतनाम घूमने चला जाता हूं.. किसे पता चलेगा.
”झूठ फैलाते-फैलाते थक गया... कुछ दिन वियतनाम घूम आता हूं... किसी को क्या ही पता चलेगा! 😜”
— BJP (@BJP4India) October 19, 2026
बता दें कि इस वीडियो को एक यात्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है.भाजपा द्वारा राहुल गांधी का मजाक उड़ाया जाना कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी दलों को रास नहीं आया. उन्होंने कहा, हर व्यक्ति को निजी तौर पर छुट्टी लेने का अधिकार है.
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने एक्स पर कांग्रेस नेता का एक मीम पोस्ट करते हुए लिखा, जो इंसान काम करने से ज़्यादा समय मौज-मस्ती में बिताता है और फिर चिल्लाता है कि वोट चोरी हो गया. मीम में लिखा था, राहुल गांधी फिर छुट्टी पर.
इस संबंध में कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा: क्या बाकी लोग बाहर नहीं जाते? राहुल गांधी एक व्यक्ति हैं, विपक्ष के नेता हैं; उनकी अपनी जिम्मेदारियां हैं. दीक्षित ने एएनआई से कहा, कभी वह(ऱाहुल) येल यूनिवर्सिटी में छात्रों से बातचीत करने जाते हैं, तो कभी लंदन में छात्रों से मिलते हैं, बुद्धिजीवियों से भी मुलाकात करते है. उन्होंने कहा, राहुल प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐसा नहीं करते.
संदीप दीक्षित ने कहा, भाजपा को राहुल गांधी की यात्रा से क्या परेशानी है? उन्होंने कहा, हमारी एक परंपरा रही है कि जब लोकसभा का सत्र चल रहा हो, तो प्रधानमंत्री विदेश यात्रा पर नहीं जाते, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने इस परंपरा को तोड़ दिया. तब कोई सवाल क्यों नहीं उठता?
CPM के महासचिव एमए. बेबी ने राहुल की विदेश यात्रा के बचाव में कहा, कोई यह भी कह सकता है कि CPM महासचिव को हमेशा दिल्ली में ही रहना चाहिए. वह केरल क्यों जाएं? ऐसे सवाल उठाए जा सकते हैं, लेकिन ये सभी बेतुके सवाल हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.