Ranchi News: जमशेदपुर में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर कांग्रेस ने पलटवार किया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि गोलीबारी की घटना गंभीर है और सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. लेकिन हर अपराध की घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाना सही नहीं है.
इसे भी पढ़ें:
राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी पुलिस और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. उन्हें अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल का भी हिसाब देना चाहिए. उन्होंने सवाल किया कि उनके शासनकाल में क्या अपराध पूरी तरह खत्म हो गए थे और क्या उस समय पुलिस व्यवस्था पर कोई सवाल नहीं उठते थे.
उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है, लेकिन गंभीर आरोपों के साथ प्रमाण भी सामने रखना चाहिए. बाबूलाल मरांडी जिन अधिकारियों पर तस्करी, अवैध कमाई, संरक्षण और राजनीतिक वफादारी जैसे आरोप लगा रहे हैं, उनके समर्थन में दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं.
राकेश सिन्हा ने कहा कि अगर किसी अधिकारी की नियुक्ति या कार्यप्रणाली पर सवाल है तो उससे जुड़े प्रमाण सामने लाए जाएं. केवल सोशल मीडिया पर आरोप लगाने से जांच आगे नहीं बढ़ती. नाम लेकर आरोप लगाना आसान है, लेकिन आरोप साबित करने के लिए सबूत जरूरी हैं.
उन्होंने कहा कि जमशेदपुर गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए. अगर किसी अपराधी को किसी स्तर पर संरक्षण मिला है तो उसकी भी जांच होनी चाहिए. जांच का फैसला राजनीतिक बयान के आधार पर नहीं, बल्कि सबूत और कानून के आधार पर होना चाहिए.
राकेश सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार से कांग्रेस की अपेक्षा है कि अपराधी कितना भी प्रभावशाली हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई हो. साथ ही किसी निर्दोष व्यक्ति को राजनीतिक दबाव में परेशान नहीं किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था का सवाल गंभीर है और सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए. लेकिन इसके लिए तथ्य और प्रमाण जरूरी हैं. राकेश सिन्हा ने बाबूलाल मरांडी से कहा कि वे अपने आरोपों के प्रमाण सामने रखें और बताएं कि जिन कमियों की बात वे कर रहे हैं, उन्हें दूर करने के लिए उनके पास क्या ठोस सुझाव हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

