Ranchi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को घर-घर दीया जलाने की भाजपा की अपील पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं. झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा को दीया जलाने की अपील करने से पहले महंगाई और बेरोजगारी से परेशान लोगों की स्थिति देखनी चाहिए.
इसे भी पढ़ें:
राकेश सिन्हा ने कहा कि देश में महंगाई ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. युवा रोजगार के लिए परेशान हैं. किसान, मजदूर, छोटे कारोबारी और मध्यम वर्ग भी कई समस्याओं से जूझ रहा है. ऐसे में भाजपा का जन्मदिन पर दीया जलाने का अभियान जनता की परेशानियों से ध्यान हटाने की कोशिश है.
उन्होंने कहा कि जनता रोजगार मांग रही है, लेकिन भाजपा दीया जलाने की अपील कर रही है. लोग महंगाई से राहत चाहते हैं, जबकि भाजपा जन्मदिन मनाने और आशीर्वाद लेने की बात कर रही है. उन्होंने सवाल किया कि जनता के इन मुद्दों पर सरकार कब जवाब देगी.
राकेश सिन्हा ने कहा कि 17 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता अगर दीया जलाते हैं, तो उन्हें प्रधानमंत्री के पुराने वादों का भी हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए. कितने रोजगार मिले, महंगाई कितनी कम हुई और लोगों के अच्छे दिनों का वादा कितना पूरा हुआ, इसका जवाब भी दिया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि सिर्फ दीया जलाने से लोगों के घरों की परेशानी दूर नहीं होगी. सरकार को रोजगार, महंगाई से राहत और लोगों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए काम करना चाहिए. लोकतंत्र में सरकार की असली रोशनी उसके काम से दिखाई देती है, प्रचार से नहीं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

