National News : कांग्रेस ने देश में लगातार बढ़ रही महंगाई को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर पीएम पर तंज कसा है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, मन की बात एक तरफ रखें और लोगों की चिंताओं पर ध्यान दें.
सरकार के सभी आँकड़ों के अनुसार महंगाई बढ़ती ही जा रही है। ऐसे में आम परिवार त्योहार मनाए या घर का बजट सँभाले? ‘अच्छे दिन’ के वादों का कड़वा सच हर रोज़ बढ़ती महँगाई के रूप में सामने आ रहा है। चार महीने में प्याज़ 85% और चीनी 34% तक महँगी हो गए हैं। बीते एक महीने में टमाटर 8.5%, अरहर दाल 3.5% और चना दाल 3.1% महँगे हुए हैं। दीवाली से ठीक पहले बादाम ₹1,300 प्रति किलो तक पहुँच गए हैं। छोटी इलायची के दाम में ₹300 तक का उछाल आया है। जीडीपी के आंकड़ों का ढोल पीटने वाले प्रधानमंत्री जी आम जनता की इस बदहाली पर पूरी तरह मौन हैं। एक तरफ बेकाबू महंगाई से रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। दूसरी तरफ पिछले एक दशक में वास्तविक (महंगाई-समायोजित) आय या तो रुकी हुई है या उसमें गिरावट आई है। प्रधानमंत्री जी, अपने मन की बात छोड़कर जनता की चिंता कीजिए।
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) October 26, 2026
उन्होंने दीपावली पर्व का जिक्र करते हुए कहा, खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतों को रोका जाना चाहिए. मन की बात से बात नहीं बनने वाली. आरोप लगाया कि महंगाई के कारण आम परिवारों का रसोई का बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है. प्रधानमंत्री ने इस पर चुप्पी साध रखी है.
जयराम रमेश ने एक्स पर एक मीडिया रिपोर्ट साझा की, इस रिपोर्ट में RBI के हवाले से बताया गया है कि कुछ खाद्य पदार्थोंके दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिसका असर हर गृहिणी पर पड़ रहा है. जयराम रमेश ने जो मीडिया रिपोर्ट शेयर की है, उसमें कहा गया है कि दिवाली से पहले ड्राई फ्रूट्स के खुदरा दाम काफी बढ़ गये हैं,
रिपोर्ट के अनुसार पिस्ता, बादाम, काजू और इलायची आदि के दामों में 10 से लेकर 300 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है. उन्होंने कहा, अच्छे दिन के वादों की कड़वी सच्चाई लगातार बढ़ती महंगाई के रूप में सामने आ रही है. याद दिलाया कि पिछले चार माह में प्याज की कीमतें 85 प्रतिशत और चीनी की कीमतें 34 प्रतिशत बढ़ी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.