Ranchi News: झारखंड में MMDR विधेयक के खिलाफ कांग्रेस 7 सितंबर को राज्य स्तरीय धरना प्रदर्शन करेगी. यह कार्यक्रम लोकभवन के सामने आयोजित किया जाएगा. प्रदेश कांग्रेस ने इसे बड़ा प्रदर्शन बनाने की तैयारी शुरू कर दी है.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से झारखंड के अधिकारों की कथित अनदेखी के खिलाफ कांग्रेस जनता की आवाज उठाएगी. उन्होंने दावा किया कि 7 सितंबर के कार्यक्रम में प्रखंड और पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोग शामिल होंगे.
उन्होंने कहा कि 27 अगस्त को पूरे झारखंड में जिला स्तर पर धरना दिया गया था. अब राज्य स्तरीय कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस के नेता अलग-अलग जगहों पर बैठक कर रहे हैं.
कांग्रेस का दावा है कि MMDR विधेयक लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. पार्टी का कहना है कि इससे जनहित की कई योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं. इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस अलग-अलग जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और मीडिया के माध्यम से लोगों को जानकारी दे रही है.
प्रदर्शन की तैयारी को लेकर देवघर, खूंटी, जमशेदपुर, पलामू, हजारीबाग, बोकारो, लोहरदगा और धनबाद में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मीडिया से बातचीत की है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी के. राजू, राष्ट्रीय सचिव बेला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी सहित कांग्रेस के सांसद, मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पार्टी के अन्य नेता शामिल होंगे.
सोनाल शांति ने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड को आर्थिक रूप से कमजोर करना चाहती है. उन्होंने कहा कि झारखंड के खनिज से देश के कई उद्योग चलते हैं, लेकिन खनिज संपदा का पूरा लाभ राज्य को नहीं मिल रहा है.
कांग्रेस ने कहा कि 7 सितंबर के प्रदर्शन के जरिए वह MMDR विधेयक को लेकर अपना विरोध जनता के बीच रखेगी और झारखंड के अधिकारों के मुद्दे को मजबूती से उठाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.