Search

धनबाद जिले में बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad)  धनबाद जिले में बिजली की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता एक बार फिर संकट में हैं. रविवार से लगभग हर घंटे कुछ देर के लिए बिजली गुल हो जा रही है. पहले जहां शहर में रोजाना औसतन 8 से 10 घंटे बिजली कटौती हो रही थी, वहीं पिछले दो दिनों से यह कटौती 12 से 15 घंटे तक की हो गई है. डीवीसी इस कटौती का कारण कोडरमा प्लांट में खराबी बता रहा है. ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती की स्थिति और भी गंभीर है, जहां 15-17 घंटे बिजली कट रही है. बिजली संकट से परीक्षार्थियों, जिले के उद्योग-धंधों सहित अन्य व्यवसाय पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है.

  कोडरमा थर्मल प्लांट में आई खराबी

जेबीवीएनएल के धनबाद जिला के अधिकारियों के अनुसार डीवीसी के कोडरमा थर्मल प्लांट में उत्पादन करने वाली यूनिट में तकनीकी खराबी आ गई है. यह खराबी रविवार को आई है. इस वजह से धनबाद जिले में डीवीसी लगभग 50 प्रतिशत बिजली कटौती कर रहा है. डीवीसी ने इस संबंध में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के चेयरमैन सहित धनबाद एरिया बोर्ड को पत्र जारी कर अगले कुछ दिनों तक बिजली कटौती जारी रहने की सूचना दे दी है.

  धनबाद शहर को डिमांड से कम मिलती है बिजली

धनबाद शहर को पीक आवर में 70 मेगावाट एवं पूरे धनबाद जिले (शहरी व ग्रामीण सहित) को 100 मेगावाट बिजली की आवश्यकता होती है. लेकिन आज तक डीवीसी अधिकतम 95 मेगावाट बिजली की आपूर्ति करता रहा है. इस वजह से पहले भी लोड शैडिंग होती रही है. इससे पावर ग्रिड में भी समस्या आ जाती है. विभाग के अधिकारियों के अनुसार धनबाद में कांड्रा ग्रिड से 20 मेगावाट, पुटकी से 60 मेगावाट एवं पाथरडीह से 15 मेगावाट बिजली ली जाती है.

     अंडरग्राउंड केबलिंग भी कटौती का कारण

दूसरी ओर 22 फरवरी को हीरापुर के 11 केवीए का केबल पंचर होने और सेक्शनलाइज़र खराब होने के कारण हीरापुर, धैया सहित बड़ी आबादी को दो दिनों तक बिजली संकट से जूझना पड़ा था. जिले में अंडर ग्राउंड केबलिंग वर्क की वजह से भी प्रतिदिन कुछ क्षेत्रों की बिजली काट दी जाती है. जिससे उस क्षेत्र के लोगों को अतिरिक्त बिजली संकट से गुजरना पड़ रहा है.

  सीबीएसई, आईसीएसई समेत कई परीक्षाएं सिर पर

इधर जिले में परीक्षाओं का दौर जारी है. सीबीएसई- आईसीएसई के 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं, बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के सेमेस्टर वन सेमेस्टर 3, एमबीबीएस, पीजी की परीक्षाएं, सभी स्कूलों में कक्षा एक से 10 तक व आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं जारी हैं. बिजली कटौती से परीक्षार्थियों को तैयारी करने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.

  तीन दिन बाद मिल जाएगी संकट से निजात

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, धनबाद के कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र भूषण तिवारी ने कहा कि "कोडरमा थर्मल प्लांट में खराबी को ठीक करने में अभी और 3 दिनों का समय लगेगा. इसके बाद डीवीसी जिले की मांग के अनुसार बिजली सप्लाई शुरू करेगा. तीन दिनों के बाद जिलावासियों को बिजली कटौती से निजात मिल जाएगी." [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp