Lagatar Desk-कांग्रेस ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शनिवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद किया. आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए कांग्रेस ने कहा कि उनके निधन के छह दशक से अधिक समय बाद भी संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर हमले कर रहे हैं, जो भारत के प्रति नेहरू की अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है. कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कई अन्य नेताओं ने ‘शांति वन’ पहुंचकर नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की.
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत की आजादी से लेकर एक मजबूत, आधुनिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखने तक नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा है. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद तमाम चुनौतियों के बीच नेहरू ने अपनी दूरदर्शी सोच, मजबूत नेतृत्व और अटूट संकल्प से देश के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नयी दिशा दी. खरगे ने बाल दिवस के अवसर पर बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर बच्चे को अच्छी शिक्षा, समान अवसर और अपने सपनों को पूरा करने का अधिकार दिलाने के संकल्प को और मजबूत करने की जरूरत है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नेहरू के विचारों को याद करते हुए कहा कि भारत उनके लिए विविधता, लोकतंत्र और समानता पर आधारित एक खोज और विचार था. उन्होंने कहा कि एक आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील भारत का उनका सपना आज भी देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है. राहुल ने कहा, ‘‘एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी हमारी प्रेरणा है और उस सपने के भारत की ओर हमारा प्रयास ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है.’’
Jawaharlal Nehru was that unique human being - a revolutionary, a visionary and a builder. The fact that he is still attacked by those who seek to destroy our constitution and our democracy more than sixty years after his death is a testament to his steadfast commitment to India. May his love for our country guide us for always.
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) November 14, 2026
प्रियंका गांधी ने नेहरू को एक विलक्षण व्यक्तित्व, क्रांतिकारी, दूरदर्शी और राष्ट्रनिर्माता बताया. उन्होंने लिखा कि नेहरू के निधन के छह दशक से अधिक समय बाद भी संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर हमला करते हैं, जो भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है. .
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट कर पूर्व प्रधानमंत्री को उनकी जयंती पर नमन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि दी है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “पूर्व पीएम पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि.” रक्षा मंत्री राजनाथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर, मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं. भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री के तौर पर उनके नेतृत्व ने हमारे देश के शुरुआती सालों पर एक अमिट छाप छोड़ी है.”