Search

गया में पूरे पैसे नहीं दे सके मरीज तो संचालक ने नर्सिंग होम से किया बाहर

CHC मे चल रहा इलाज

Gaya: बिहार के गया जिले में एक प्राइवेट नर्सिंग होम द्वारा पैसे को लेकर मरीज को बाहर करन देने का मामला सामने आया है. बताया जाता है कि गया के फतेहपुर में सोमवार को एक प्राइवेट नर्सिंग होम संचालक ने एक मरीज को इसलिए निकाल दिया क्योंकि उसने 20 हजार रुपये समय से नहीं चुकाये. इलाज के दौरान चार दिन में कुल 90 हजार का बिल हुआ था. 70 हजार मरीज ने एडवांस में दे दिया था. बाकी 20 हजार बचा था.   

70 हजार रुपये दे दिये थे

फतेहपुर थाना क्षेत्र के मतासो गांव निवासी पप्पू मांझी ने बताया कि सुरेन मांझी की चार दिन पहले तबीयत खराब हो गई थी. सांस लेने में परेशानी हो रही थी. तब उसे इलाज के लिए फतेहपुर में एक प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती किया गया. यहां चार दिन में 90 हजार का बिल दिया गया. इसमें से 70 हजार रुपये पहले ही जमा कर दिया गया था. सोमवार को और रुपये की मांग की गई. जब देने में असमर्थता जतायी तो मरीज को नर्सिंग होम से बाहर कर सड़क के किनारे छोड़ दिया.

मरीज को बाहर करने के बाद परिजन उग्र हो गये. दोनों तरफ से बहस होने लगी और मारपीट होने लगी. इस मामले पर नर्सिंग होम संचालक ने कहा कि उसने मरीज को निकाला नहीं है. उनके पास ऑक्सीजन खत्म हो गया था. मरीज के परिजनों से कहा गया कि यहां ऑक्सीजन खत्म हो गया है. इसलिए मरीज को दूसरे जगह ले जाएं. इतने में मरीज के परिजन उग्र हो गए और क्लीनिक में तोड़फोड़ करते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे. 

शिकायत दर्ज

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची. थानाध्यक्ष संजय कुमार ने सबसे पहले मरीज को सड़क किनारे से उठाकर इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया. इसके बाद थानाध्यक्ष की मौजूदगी में नर्सिंग होम को सील कर दिया गया. बता दें कि दोनों तरफ से थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने नर्सिंग होम संचालक को हिरासत में ले लिया है. नर्सिंग होम से निकाले गए मरीज का सीएचसी में इलाज चल रहा है. उसकी स्थिति पहले से बेहतर है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//