- नीरज कुमार की चौथी जीत पर नजर
- आरजेडी ने CCTV नहीं रहने पर उठाए सवाल
- जेडीयू ने सभी 8 सीटों पर जीत का किया दावा
Lagatar Desk : बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हो गई है. पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और सारण में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही वोटों की गिनती जारी है. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की 4 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 4 सीटों पर हुए चुनाव के नतीजों पर राजनीतिक दलों के साथ आम जनता की भी नजरें टिकी है.
पटना स्नातक सीट में नीरज-अनुज के बीच मुकाबला
पटना स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में कराई जा रही है. यहां स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं. जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 7 टेबल की व्यवस्था की गई है.
पटना स्नातक सीट में जेडीयू के मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार और जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के बीच मुकाबला खासा चर्चा में है. जेडीयू के मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने की कोशिश में हैं.
वहीं, जनसुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह की दावेदारी ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है. अनुज सिंह को अनंत सिंह का समर्थन मिलने के बाद इस सीट पर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ गई है. अब सबकी नजर मतगणना के नतीजों पर है.
आरजेडी उम्मीदवार ने CCTV को लेकर उठाए सवाल
आरजेडी के एमएलसी उम्मीदवार डॉ. संजीव ने काउंटिंग हॉल में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने को लेकर सवाल उठाए है. उन्होंने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, वार्ड सदस्य, मुखिया और सरपंच के चुनावों की मतगणना के दौरान सीसीटीवी कैमरे लगाए जाते हैं. ऐसे में यहां सीसीटीवी नहीं होना प्रशासन पर संदेह पैदा करता है. हालांकि डॉ. संजीव ने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया है.
#WATCH पटना (बिहार): RJD MLC उम्मीदवार डॉ. संजीव ने कहा, "आपने देखा होगा एम पी चुनाव हो, MLA चुनाव हो, वार्ड सदस्य का चुनाव हो, मुखिया और सरपंच का हर चुनाव में काउंटिंग हॉल में CCTV होता है। लेकिन यहां पर CCTV क्यों नहीं है? तो ये प्रशासन को संदेह के घेरे में लाता है... कुछ भी हो लेकिन हम ही जीतेंगे इसमें कोई संदेह नहीं है।"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 27, 2026
जेडीयू ने सभी 8 सीटों पर जीत का किया दावा
वहीं जेडीयू नेता राजीव रंजन ने सभी 8 सीटों पर जीत की उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि चुनाव में सकारात्मक माहौल है और जेडीयू सभी सीटों पर जीत दर्ज करने की स्थिति में दिख रही है. इस दौरान राजीव रंजन ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने दावा किया कि विपक्ष पूरी तरह बिखरा हुआ है और हर सीट पर महागठबंधन के बीच आपस में लड़ाई है. राजीव रंजन ने यह भी दावा किया कि जनता का आपार समर्थन एनडीए के साथ है और इसका फायदा चुनाव परिणामों में मिलेगा.
#WATCH पटना, बिहार: MLC चुनावों पर JDU नेता राजीव रंजन ने कहा, "... एक सकारात्मक वातावरण है और हम आठो सीटों पर जीत दर्ज करने की स्थिति में दिख रहे हैं। विपक्ष पूरी तरह से बिखरा हुआ है। हर सीट पर महागठबंधन की आपस में लड़ाई है... हमें जनता का अपार समर्थन प्राप्त है और हमें इसका लाभ मिलेगा।"
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 27, 2026