Search

 
 
 

गांवों में शवों के दाह-संस्कार में कोविड प्रोटोकॉल का नहीं हो रहा पालन, कड़े कदम उठाने पर सीएम का जोर

 

Ranchi : कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर गहरी चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कड़े कदम उठाने के संकेत दिये हैं. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अभी भी जागरुकता के अभाव में कोरोना के खतरे को लोग समझ नहीं पा रहे हैं. टीकाकरण को लेकर लोगों के बीच भ्रम की स्थिति है और लोग टीका नहीं लेना चाह रहे हैं. टेस्ट को लेकर भी लोग उदासीन रवैया अपना रहे हैं. शवों के दाह-संस्कार में कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा है. इससे कोरोना तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है. ऐसे में सरकार अब विशेष तौर पर ग्रामीण इलाकों में कोरोना की जांच, इलाज और टीकाकरण को लेकर कार्ययोजना बनाकर कार्य कर रही है. सीएम ने कहा कि इस सिलसिले में कड़े कदम उठाने पर भी सरकार विचार कर रही है.

45,000 से ज्यादा कोरोना मेडिकल किट आंगनबाड़ी केंद्रों को कराया गया उपलब्ध

दक्षिणी छोटानागपुर तथा कोल्हान प्रमंडल के सांसदों और विधायकों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान सीएम ने यह बात कही. इस दौरान सांसदों व विधायको ने सीएम को कई सुझाव भी दिये, जिसपर अमल पर आगे की रणनीति बनाने की बात सीएम ने कही. उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में कोरोना नहीं बढ़े, वहां संक्रमण के खतरे को कैसे रोका जाए, इसपर सरकार का विशेष फोकस है. ग्रामीण इलाके में कोरोना को लेकर दवाइयों की कोई किल्लत नहीं होने दी जाएगी. सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से कोरोना मेडिकल किट को लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दे चुकी है. अबतक 45,000 से ज्यादा कोरोना मेडिकल किट का वितरण किया जा चुका है.

अन्य राज्यों की जरूरतों को भी पूरा कर रहा झारखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में देश और मानव हित में झारखंड अपनी जरूरतों के साथ अन्य राज्यों की जरूरतों को भी पूरा करने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि झारखंड देश को बड़े पैमाने पर लगभग 600 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की आपूर्ति कर रहा है. कोरोना से जंग में जरूरी संसाधनों की किसी राज्य को कमी नहीं हो, यह हमारी सरकार की विशेष प्राथमिकता रही है. हमारे पास जो भी संसाधन उपलब्ध होंगे, दूसरों को उनकी जरूरत के हिसाब से उपलब्ध कराएंगे.

टीकाकरण को लेकर ग्रामीण इलाकों में भ्रांतियों को तोड़ना है

मुख्यमंत्री को सांसद और विधायकों ने अवगत कराया कि ग्रामीण इलाके में कोरोना टीकाकरण को लेकर लोगों के बीच काफी भ्रांतियां हैं. वे टीका लगवाने से डर रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि लोगों में भ्रम पैदा कर रहे लोगों को चिन्हित करने के साथ लोगों को जागरूक करना नितांत जरूरी है. मुख्यमंत्री ने सांसदों और विधायकों से कहा कि लोगों के बीच टीकाकरण को लेकर जागरुकता फैलाने में आप सहयोग करें. इसमें तमाम संगठनों की भी मदद लें. मानकी मुंडा, ग्राम प्रधानों को भी विश्वास में लिया जाए, ताकि लोग टीकाकरण के लिए खुद आगे आएं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही