Search

पलामू में बढ़ रहा अपराध का ग्राफ, एक माह में हुईं छह गोलीबारी व हत्या की घटनाएं

Sanjeet Yadav  Palamu : पलामू में अपराधियों का मनोबल इनदिनों बढ़ा हुआ है.  बैखोफ अपराधी लगातार गोलीबारी और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. 4 फरवरी से 5 मार्च यानी एक महीने में अपराधियों ने पलामू के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छह बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया है. इसमें से कई कांडों का पलामू पुलिस ने खुलासा कर लिया है. लेकिन अभी भी कई ऐसे मामले हैं, जिसका पुलिस खुलासा नहीं कर पायी है. इन कांडों में शामिल अपराधी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.

एक कांड का खुलासा करती नहीं कि दूसरी घटना को अंजाम दे देते हैं अपराधी 

झारखंड के सभी जिलों में बढ़ते अपराध को देखे हुए पुलिस मुख्यालय गंभीर है. इसके बाद भी अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है. पलामू पुलिस भी लगातार अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है. लेकिन इसके बावजूद वारदात नहीं रूक रहे हैं. रोजाना नये-नये मामले में पलामू पुलिस के लिए चुनौती साबित हो रहे हैं. पुलिस एक कांड का खुलासा करती नहीं है, तब तक अपराधी दूसरी घटनाओं को अंजाम दे देते हैं. नीचे दिये गये आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि पलामू में एक माह में अपराध का ग्राफ बढ़ा है.

4 फरवरी से 5 मार्च तक अपराधियों ने इन घटनाओं को दिया अंजाम

  • - 5 मार्च 2024 :  पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के भड़गावा में खेत में काम कर रही महिला को तीन युवकों ने गोली मार दी थी. गोली महिला के पैर को छूते हुए निकल गयी है. जख्मी हालत में महिला को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.
  • - 2 मार्च 2024 :  मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के कान्दू मोहल्ला काली मंदिर के पास अपराधियों ने श्याम सुंदर साव नाम के व्यक्ति पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलायी थी. एक गोली उसके सीने में, जबकि दूसरी गोली पेट में लगी थी.
  • - 24 फरवरी 2024 :  पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बाइक से ओवरटेक कर एक कारोबारी पर फायरिंग की थी. गोली कारोबारी के पैर में लगी थी. छतरपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में उनका प्रारंभिक इलाज किया गया. इसके बाद  एमआरएमसीएच लाया गया, जहां इलाज के बाद कारोबारी खतरे से बाहर है.
  • - 16 फरवरी 2024 :  मेदिनीनगर के शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाहाता इलाके में दिनदहाड़े घर में घुसकर साला और जीजा ने एक महिला को गोली मार दी थी. गोली महिला के गर्दन में लगी. गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल में इलाज के कराया गया.
  • - 7 फरवरी 2024 :  मेदिनीनगर शहर के थाना क्षेत्र के सदीक मंजिल चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी. अपराधियों ने नमिता देवी के कनपट्टी पर सटा कर गोली चलायी थी.
  • - 4 फरवरी 2024 : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के इलाके में रामकिशुन यादव नाम के एक बुजुर्ग व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है. अपराधियों ने बुजुर्ग पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चलायी थी.
  [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp