Search

 
 
 

राजधानी में अपराध का बढ़ा ग्राफ, तीन माह में 10 लोगों की हत्याएं

राजधानी रांची, जिसे कभी अपेक्षाकृत शांत और सुरक्षित शहर माना जाता था, इन दिनों बढ़ते अपराध को लेकर चर्चा में है. पिछले तीन महीनों में शहर और आसपास के इलाकों में हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं. जबकि कई लोग अपराधियों की गोलीबारी और हमलों में घायल भी हुए हैं. लगातार हो रही इन वारदातों से आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है.
 

Ranchi :  राजधानी रांची, जिसे कभी अपेक्षाकृत शांत और सुरक्षित शहर माना जाता था, इन दिनों बढ़ते अपराध को लेकर चर्चा में है. पिछले तीन महीनों में शहर और आसपास के इलाकों में हत्या की कई घटनाएं सामने आई हैं.

 

जबकि कई लोग अपराधियों की गोलीबारी और हमलों में घायल भी हुए हैं. लगातार हो रही इन वारदातों से आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है. 

 

तीन माह में 10 से ज्यादा लोगों की हुई हत्याएं

आंकड़ों के अनुसार, बीते तीन महीनों में रांची में 10 से अधिक लोगों की हत्याएं हो चुकी है.  इन घटनाओं में गोलीबारी, आपसी रंजिश, चोरी के शक में पिटाई और व्यक्तिगत विवाद जैसे मामले शामिल हैं.

 

कई मामलों में लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं. हाल ही में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के कुतियातु चौक के पास स्थित एक होटल में घुसकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें मनीष गोप नाम के व्यक्ति की मौत हो गई. 

 

वहीं होली के दिन धुर्वा के जेपी मार्केट इलाके में चाकूबाजी की घटना में घायल व्यवसायी विजय कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस तरह की घटनाओं से साफ है कि राजधानी में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं.

 

बढ़ती आपराधिक घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले रांची को अपेक्षाकृत शांत और सुरक्षित शहर माना जाता था. लेकिन हाल के महीनों में हालात बदलते नजर आ रहे हैं. लोग देर रात बाहर निकलने से कतराने लगे हैं और व्यापारियों में भी चिंता बढ़ गई है. 

 

हालांकि, पुलिस का कहना है कि अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है. कई मामलों में अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी भी की गई है. पुलिस ने गश्ती बढ़ाने का दावा भी किया है.

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है. इसके बावजूद लगातार हो रही घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

 

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो राजधानी में अपराध का ग्राफ और बढ़ सकता है. ऐसे में अब देखना होगा कि पुलिस-प्रशासन अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए क्या रणनीति अपनाती है. 

 

जानें साल 2026 में अब तक कहां-कहां हुई हत्या 

03 जनवरी 2026 : रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में इबरार अंसारी (पियूष) की पैसे के विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोपियों ने हत्या कर शव रेलवे पुल के पास फेंक दिया. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.

 

17 जनवरी 2026 :  रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में  ग्रामीणों ने मोटर पंप चोरी के शक में एक युवक को पीट-पीटकर मार डाला. पुलिस ने पूरे मामले की जांच के दौरान कई लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.

 

19 जनवरी 2026 : रांची के मेसरा थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग विवाद में एक युवती की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया. 

 

31 जनवरी 2026 :  रांची के सोनाहातू थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार किया.

 

08 फरवरी 2026 :  रांची के सोनाहातू थाना क्षेत्र में नदी किनारे से एक युवक का शव बरामद किया गया. पुलिस ने हत्या मामले में कई लोगों पर एफआईआर दर्ज किया.

 

13 फरवरी 2026 : रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में दोस्तों के झगड़े के बाद एक युवक को थार गाड़ी से कुचलकर मार दिया गया. हत्या के बाद पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार भी किया.

 

02 मार्च 2026 : रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्चे का अपहरण कर हत्या कर दी गई. आरोपी को गिरफ्तार किया गया. लेकिन उसने पुलिस कस्टडी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस मामले में थाना प्रभारी सहित कई लोगों पर कार्रवाई भी की गई.

 
07 मार्च 2026 : रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित कुतियातु चौक के पास होटल टीटॉस में बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस गोलीबारी में रेस्टोरेंट के वेटर मनीष गोप की मौत हो गई.

 

होटल संचालक ने कुछ दिन पहले थाने में आवेदन देकर धमकी मिलने की शिकायत की थी. लेकिन पुलिस ने मामले में कोई सुध नहीं ली और इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया.

 

4 मार्च 2026 :  रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के विधानगर/जेपी मार्केट में होली के दिन हुई चाकूबाजी में घायल व्यवसायी विजय कुमार सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई. मौत के बाद स्थानीय व्यापारियों ने दुकान बंद कर इसका विरोध किया.

 

8 मार्च 2026 : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के दलादिली टीओपी अंतर्गत रेशमी कंस्ट्रक्शन के सुपरवाइजर का शव बरामद किया गया है.  12 दिनों से लापता विजय कुमार दास का शव  बेड़ो थाना क्षेत्र के टेंगरिया गांव के डोरो जंगल स्थित एक सुनसान कच्चे कुएं से बरामद किया गया. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही