Lagatar Desk : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीचसोमवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल आया है. तनाव के कारण तेल की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के चलते ब्रेंट क्रूड की कीमत 107 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है.
नवंबर डिलीवरी वाला ब्रेंट क्रूड 2.8 फीसदी बढ़कर 107.54 डॉलर प्रति बैरल हो गया. वहीं, अक्टूबर डिलीवरी वाला अमेरिकी WTI क्रूड भी 2.3 फीसदी महंगा होकर 102.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है.
सऊदी अरब की पाइपलाइन बंद होने से बढ़ी चिंता
तेल की कीमतों में तेजी की सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में बिगड़ते हालात को माना जा रहा है. पिछले हफ्ते भी ब्रेंट और WTI दोनों की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के पार चली गई थीं. अब निवेशकों की नजर इस इलाके के अहम तेल सप्लाई रूट्स पर है.
सऊदी अरब में ड्रोन हमलों के बाद देश ने अपनी महत्वपूर्ण ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन को कुछ समय के लिए बंद कर दिया है. इस खबर से बाजार में यह डर बढ़ गया कि कहीं दुनिया के लिए तेल की सप्लाई प्रभावित न हो जाए.
होर्मुज जलडमरूमध्य में भी बढ़ा तनाव
दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों में शामिल होर्मुज जलडमरूमध्य में भी तनाव बढ़ गया है. रविवार को इस इलाके में एक व्यापारिक जहाज को निशाना बनाया गया. ईरानी अधिकारियों के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि तीन लोग घायल हुए.
यह जलमार्ग दुनिया के तेल कारोबार के लिए बेहद अहम है. बड़ी मात्रा में तेल इसी रास्ते से दूसरे देशों तक पहुंचता है. ऐसे में यहां किसी भी तरह की रुकावट का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर पड़ सकता है.
ईरान के नए नियमों से बढ़ी मुश्किल
मौजूदा तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के लिए नियम सख्त कर दिए हैं. अब जहाजों को यहां से गुजरने से पहले अनुमति लेने होगी. इसके साथ ही जहाजों से शुल्क लेने की व्यवस्था तैयार किए जाने की भी बात सामने आई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें