Search

 
 
 

काट लें सांसदों-विधायकों की सैलरी, लेकिन डॉक्टरों को समय पर दें वेतन और प्रोत्साहन राशि

 

Ranchi: राज्यसभा सांसद और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा है कि हेमंत सरकार फ्रंटलाइन वर्कर्स को समय पर वेतन दें. कोरोना संक्रमण के समय जान की बाजी लगाकर मरीजों का इलाज करने वाले डॉक्टर्स और पारा मेडिकल कर्मियों को सरकार समय पर वेतन, प्रोत्साहन राशि और बीमा दें. इसके लिए चाहे सरकार को विधायकों और सांसदों के वेतन में भले ही कटौती क्यों न करनी पड़े. दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री के साथ सांसदों, विधायकों और उपायुक्तों के वर्चुअल मीटिंग में यह बातें कहीं.

बच्चों को बचाने के लिए किया जाए एडवांस प्लानिंग

दीपक प्रकाश ने कहा कि कोरोना संक्रमण के थर्ड फेज की लड़ाई में सरकार को बच्चों के लिए एडवांस प्लानिंग करनी चाहिए. सरकार यूपी, बिहार और बंगाल को न देखें. यह राज्य क्या कर रहे हैं इसे देखने के बजाए मुख्यमंत्री दुनिया के विकसित देशों को देखें. उन देशों में क्या तैयारी है, उसी मुताबिक राज्य सरकार अपनी तैयारी करे. बच्चों के लिए ऑक्सीजन और चिल्ड्रेन वार्ड डेवलप किया जाये. ताकी हम आने वाले संकट से बच सकें.

ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे संक्रमण को रोकना जरूरी- अर्जुन मुंडा

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि झारखंड में लॉकडाउन से स्थिति नियंत्रित हो रहा है. लेकिन ग्रामीण इलाकों में हाट-बाजार के दिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं होने के कारण संक्रमण बढ़ रहा है. सरकार लोगों को मास्क लगाने के लिए जागरुकता अभियान चलाये. साथ ही मरीजों की जांच और RTPCR एवं ट्रू नेट के अलावा रक्त जांच की भी व्यवस्था आवश्यक है. उन्होंने कहा कि कोरोना की लड़ाई में हम सब साथ हैं. झारखंड के जनप्रतिनिधि होने के नाते राज्य को हर प्रकार के सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं.

राजनीति छोड़ अभी कोरोना से लड़ने का समय- महेश पोद्दार

राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने वर्चुअल मीटिंग में ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण पर चिंता जतायी. उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि ग्रामीण इलाकों में चिकित्सा, जांच और वैक्सीनेशन की पर्याप्त व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों के लिए पक्ष-विपक्ष को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़ कर सब लोग मिलकर कोरोना से लड़ें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही