Giridih news: गिरिडीह साइबर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर पुनीत कुमार गौतम को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार SI ने एक मामले की डायरी कोर्ट भेजने के एवज में शिकायतकर्ता से 2 लाख रिश्वत की मांग की थी. सौदा तय होने वह पहली किस्त के तौर पर 30 हजार ले रहा था, तभी ACB की टीम ने उसे दबोच लिया.
शिकायतकर्ता जीवलाल महतो ने SI के खिलाफ ACB में शिकायत की थी. बताया जा रहा है कि जीवलाल महतो के छोटे बेटे को पूर्व में एक मामले में जेल भेजा गया था. उसी मामले की केस डायरी कोर्ट भेजने के नाम पर SI ने कथित तौर पर रिश्वत की मांग की थी.
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने ट्रैप बिछाया और SI पुनीत कुमार गौतम को 30 हजार लेते गिरफ्तार कर लिया. पुनीत कुमार गौतम 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर बताए जा रहे हैं और वर्तमान में गिरिडीह साइबर थाना में तैनात थे. ACB की टीम आरोपी पुलिस पदाधिकारी से पूछताछ कर रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.