Search

 
 
 

अर्नब चक्रवात: 150 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं, भारी बारिश, एक की मौत, झारखंड समेत नौ राज्यों में असर

बंगाल की खाड़ी में अर्नब चक्रवात का सैटेलाइट व्यू.

अर्नब चक्रवात: यानम और काकीनाडा के बीच लैंडफॉल, 150 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं, भारी बारिश, एक की मौत, झारखंड समेत नौ राज्यों में असर

Lagatar Desk: अर्नब चक्रवात बुधवार की सुबह पुडुचेरी के यानम और आंध्र प्रदेश के काकीनाडा के बीच लैंडफॉल कर गया. लैंडफॉल के समय चक्रवात की गति 125-135 किमी प्रति घंटा थी, जबकि हवा के झोंके 150 किमी प्रति घंटा तक पहुंच रहे थे. रात 1:20 बजे लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू हुई, जो सुबह करीब 5 बजे पूरी हुई.

 

अर्नब तूफान के कारण आंध्र प्रदेश के छह जिलों- काकीनाडा, कोनासीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिम गोदावरी, अनाकापल्ली और विशाखापत्तनमममें भारी बारिश हो रही है. इन जिलों में जलभराव की स्थिति है. लैंडफॉल के दौरान 1.5 से 2.5 मीटर ऊंची लहरें उठीं, जिससे कई इलाकों में समुद्र का पानी घुस गया है. तेज हवा से पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे और तार गिर गए और सड़कों पर पानी भर गया है. इस दौरान करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि बाढ़ में फँसे चार लोगों को बचा लिया गया.

 

 

 

आंध्र प्रदेश सरकार ने खतरनाक इलाकों से करीब 90 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. 200 से अधिक शेल्टर होम तैयार किए गए हैं और गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है.

 

आंध्र प्रदेश के बाद अर्नब तूफान का सबसे अधिक असर ओडिशा में दिख रहा है. ओडिशा के गंजाम, गजपति, मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर और रायगढ़ा जिलों में भारी बारिश हो रही है. इन जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं और करीब 48 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है.

 

छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बारिश शुरू हो गई है. सरकार ने इन जिलों में अलर्ट घोषित किया है. इसी तरह तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पुडुचेरी में भी बारिश शुरू हो गई है.

 

झारखंड में बारिश शुरु 

चक्रवाती तूफान अर्नब का असर झारखंड के कुछ हिस्सों में मंगलवार देर रात से ही दिखने लगा है. रात से ही जमशेदपुर के कुछ इलाकों में बारिश होने लगी थी. बुधवार की सुबह रांची में भी बारिश होने लगी. मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है.

 

मौसम विभाग के अभिषेक आनंद ने बताया कि भौगोलिक स्थिति के कारण इसका असर सिंहभूम क्षेत्र में पहले दिखेगा. तूफान और बारिश से झारखंड में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. इस बीच रांची जिला प्रशासन ने एहियातन जिले में सभी सरकारी, गैर सरकारी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर को एहतियातन केजी से 12वीं तक कक्षाएं स्थगित रखने के आदेश जारी किए हैं.

 

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए हैं. बिजली विभाग ने कंट्रोल विभाग को और रांची नगर निगम ने जलजमाव की स्थिति में क्यूआरटी को अलर्ट मोड पर रखा है. रेलवे ने जारी रिलीज में बताया है कि झारखंड से गुजरने अथवा चलने वाली कम से कम आधे दर्जन ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया गया है.

 

उधर मंगलवार दोपहर बाद अचानक जमशेदपुर समेत सिंहभूम के क मौसम ने करवट ली, जिसके चलते शाम 3:30 बजे के बाद आसमान में घने बादल छा गए. कहीं-कहीं बारिश भी हुई है. लिहाजा ओडिशा की सीमा से सटे सिंहभूम के इलाकों में लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है. इसलिए कि ओडिशा के कई जिलों में मंगलवार से ही बारिश जोर पकड़ने लगी है. इधर रांची में भी शाम को कहीं-कहीं बूंदाबादी हुई. तूफान और बारिश से झारखंड में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है.

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही