Giridih: गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के मनगसो गांव में रविवार शाम करीब 6.00 बजे गैस सिलेंडर ब्लास्ट कर गया. इस घटना में एक पांच साल के बच्ची और महिला कविता देवी की मौत हो गई. कविता बैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी थी, जबकि बच्ची उनकी भतीजी थी.
हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई. दुर्गापूजा की तैयारी में जुटे परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं. गांव में शोक का माहौल है.
प्रसाद बनाते समय लगी आग
जानकारी के अनुसार, कविता देवी दुर्गा पूजा को लेकर घर में प्रसाद बना रही थीं. इसी दौरान पांच किलो के गैस सिलेंडर में आग लग गई और सिलेंडर ब्लास्ट कर गया. कविता देवी व बच्ची उसके चपेट में आ गयी.
गांव के लोगों ने बताया कि बच्ची शीतल कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि कविता देवी की मौत अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में हो गई.
दहल उठा पूरा गांव
मृतक कविता देवी के भैंसुर बिटेश राणा ने बताया कि सिलेंडर में विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाज पूरे गांव में सुनाई दी. धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घबरा गए और घटनास्थल की ओर दौड़े.
उन्होंने बताया कि कविता देवी का एक छोटा सा बेटा है. एक ही घर में एक मां और एक मासूम बच्ची की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद से पूरे गांव में मातम है.
पोस्टमार्टम से परिजनों का इनकार
घटना की सूचना मिलते ही परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों से घटना की जानकारी ली. परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.