Search

 
 
 

दशम फॉल छेड़छाड़ मामला: 30 हजार रुपये में समझौते के दावे पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दशम फॉल से हाईवे तक महिलाओं की गाड़ी का पीछा करने और उनके साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना का वीडियो देखकर पूरा देश स्तब्ध है.
 

Ranchi: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दशम फॉल से हाईवे तक महिलाओं की गाड़ी का पीछा करने और उनके साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना का वीडियो देखकर पूरा देश स्तब्ध है.

 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अब यह जानकारी सामने आ रही है कि इस मामले का 30 हजार रुपये लेकर समझौता करा दिया गया. उनका दावा है कि झामुमो ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इस तरह के समझौते की बात कही है, जबकि Ranchi Police की प्रेस विज्ञप्ति में पैसे के लेन-देन का कोई जिक्र नहीं है.

 

उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में पैसे का लेन-देन हुआ है, तो पुलिस को बताना चाहिए कि इस महत्वपूर्ण तथ्य का उल्लेख प्रेस विज्ञप्ति में क्यों नहीं किया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पीड़ित महिलाओं को पैसे देने के लिए मजबूर किया गया, या फिर आरोपित युवकों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया गया. उन्होंने पूरे घटनाक्रम पर पुलिस से स्पष्ट जवाब देने की मांग की.

 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिस घटना का वीडियो देखकर किसी का भी दिल दहल जाए, उसका समझौता कैसे हो सकता है. उन्होंने कहा कि किसी भी अपराध को राज्य के खिलाफ अपराध माना जाता है. ऐसे मामलों में समझौता केवल न्यायालय के माध्यम से और सीमित परिस्थितियों में ही हो सकता है.

 

उन्होंने कहा कि इस मामले में महिलाओं की गाड़ी का कई किलोमीटर तक पीछा किए जाने के वीडियो जैसे सबूत मौजूद हैं. ऐसे में यदि पैसे लेकर मामला सुलझाया गया है, तो यह बेहद गंभीर विषय है.

 

बाबूलाल मरांडी ने पुलिस पर दलाली करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था बंद होनी चाहिए. उन्होंने इस मामले में National Commission for Women से स्वत: संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही