Jamtara News: समाहरणालय सभागार में सोमवार को डीसी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों और सूचकांकों की प्रखंडवार समीक्षा की गई. इस दौरान कई क्षेत्रों में प्रदर्शन असंतोषजनक मिलने पर उपायुक्त ने शीघ्र सुधार के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:
उपायुक्त ने एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य उपकेंद्रों से प्रतिदिन समय पर रिपोर्ट नहीं भेजे जाने पर नाराजगी जताई. उन्होंने निर्देश दिया कि जिस दिन संबंधित केंद्र से रिपोर्ट प्राप्त नहीं होगी, उस दिन संबंधित सीएचओ एवं एएनएम को अनुपस्थित मानते हुए वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में 100 दिवसीय टीबी अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, परिवार नियोजन, एनसीडी सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा हुई. इस दौरान उपायुक्त ने टीबी फ्री जामताड़ा के लिए स्ट्रेटेजिक प्लान का विमोचन किया.
नाला सीएचसी के मलेरिया तकनीकी पर्यवेक्षक द्वारा बैठक की कार्यवाही नहीं भेजने और कार्य में शिथिलता बरतने पर वेतन बंद करने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने सभी एमओआईसी को प्रत्येक 15 दिनों में समीक्षा करने तथा बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया.
उन्होंने अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक मेंटेनेंस और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद, एमओआईसी, डीपीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

