Search

 
 
 

डेडलाइन पार: रिम्स मल्टी स्टोरी पार्किंग का कोविड यूनिट शुरू होने में लगेगा एक और सप्ताह

 

कोविड यूनिट में साढ़े तीन सौ लोगों की पड़ेगी जरूरत

Ranchi: राज्य में कोरोना वायरस के संक्रमण का दायरा हर रोज बढ़ रहा है. आंकड़ा बढ़कर 57 हजार पार कर गया है. राज्य में बढ़ते कोरोना के मरीजों को देखते हुए राज्य सरकार युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है. रिम्स के प्रशासनिक भवन के पास बने मल्टी स्टोरी पार्किंग को कोविड वार्ड में तब्दील किया जा रहा है. इस पार्किंग में 325 ऑक्सीजन युक्त बेड कोविड यूनिट के तौर पर विकसित किया जा रहा है. सीएम हेमंत सोरेन ने तैयारी का जायजा भी लिया था.

इस दौरान 30 अप्रैल तक इस बिल्डिंग को हैंड ओवर करने का सीएम की ओर से निर्देश दिया गया था. ड्राई रन और अंतिम निरीक्षण के बाद इसे 01 मई यानी कि शनिवार से शुरू कर देने की योजना थी. लेकिन इस मल्टी स्टोरी पार्किंग में बन रहे कोविड यूनिट को शुरू करने में एक सप्ताह का और वक्त लगेगा.

काम पूरा करने में 4 से 5 दिन का लगेगा समय

मल्टी स्टोरी पार्किंग को कोविड वार्ड बनाने का काम कर रही एजेंसी के कर्मचारी ने बताया कि काम पूरा होने में चार-पांच दिन और लगेगा. उन्होंने कहा कि इसके बाद ड्राई रन किया जाएगा. तब जाकर इस पार्किंग में बने कोविड वार्ड को हैंड ओवर किया जाएगा.

कोविड वार्ड में लगभग 350 लोगों की जरूरत

रिम्स के जनसंपर्क अधिकरी डॉ डीके सिन्हा ने कहा कोविड वार्ड के लिए 100 नर्स,100 पारा मेडिकल,100 वार्ड बॉय के साथ चिकित्सक की जरूरत पड़ेगी. मैनपावर की नियुक्ति को लेकर रिम्स कोविड टास्क फोर्स की टीम काम कर रही है. मैन पावर की नियुक्ति के लिए एनएचएम के द्वारा विज्ञापन निकाला जाएगा. मैन पॉवर मिलते ही कोविड वार्ड को शुरू कर दिया जाएगा.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही