Ranchi: लहू बोलेगा रक्तदान संगठन, झारखंड थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया, अप्लास्टिक एनीमिया पीड़ित एसोसिएशन और झारखंड राज्य स्वैच्छिक रक्तदान संगठन कॉर्डिनेशन कमेटी का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिला. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व नदीम खान ने किया.

राज्यपाल को ज्ञापन सौंपता प्रतिनिधिमंडल
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को तीन सूत्री मांग पत्र सौंपा. इसमें थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया, हीमोफीलिया और अप्लास्टिक एनीमिया से पीड़ित मरीजों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई.
प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और ब्लड बैंकों की व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग की. संगठन का कहना है कि पिछले कई महीनों से राज्य में जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. इस व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत है.
संगठन ने रेड क्रॉस सोसाइटी की व्यवस्था मजबूत करने और रक्तदान से जुड़े लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए नई नीति बनाने की भी मांग की.
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इन मांगों पर व्यवहारिक कार्रवाई की जाएगी और राज्य में रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे. इस दौरान राज्यपाल के प्रधान सचिव नितीन मदन कुलकर्णी भी मौजूद थे.
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को झारखंडी अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया. साथ ही उन्हें लहू बोलेगा के आठवें झारखंड राज्यस्तरीय रक्तदान प्रोत्साहन कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment