- दिवाली के बाद देश के बड़े शहरों की हवा हुई जहरीली
Lagatar Desk : दिवाली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब देश के कई बड़े शहरों की हवा पर दिखाई देने लगा है. दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, जयपुर और वाराणसी में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है. राजधानी दिल्ली में हालात सबसे ज्यादा चिंताजनक हैं. यहां कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है.
#WATCH दिल्ली | CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार अक्षरधाम के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 337 है, जिसे 'बहुत खराब' (Very Poor) की श्रेणी में रखा गया है। (वीडियो सुबह 06:20 बजे का है) https://t.co/74NVzkMOum
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2026
दिल्ली में कई जगह AQI 400 के पार
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में दिवाली के बाद प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है. इससे सड़कों और रिहायशी इलाकों में धुएं और धुंध की मोटी परत छा गई है. इससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी हो रही है.
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह के समय राजधानी का औसत AQI 373 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है. वहीं, कई इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंच गई. आंकड़ों के अनुसार, विवेक विहार में AQI 442, आईटीओ में 407 और एनएसआईटी द्वारका में 404 दर्ज किया गया. इन सभी इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है.
इसके अलावा वजीरपुर में AQI 393, जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 398, आरके पुरम में 388, मंदिर मार्ग में 386 और ओखला फेज-2 में 364 रिकॉर्ड किया गया. दिल्ली के अन्य इलाकों की बात करें तो इंडिया गेट और कर्तव्य पथ के आसपास AQI 381, अक्षरधाम में 337, धौला कुआं में 294, साउथ एक्सटेंशन में 360 और राजीव चौक के आसपास 381 दर्ज किया गया.
वहीं, आईटीओ में प्रदूषण का स्तर 406 तक पहुंच गया. CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों में भी प्रदूषण का असर देखने को मिल रहा है. नोएडा में औसत AQI 319, गाजियाबाद में 360, फरीदाबाद में 297 और गुरुग्राम में 280 दर्ज किया गया.
मुंबई, जयपुर और वाराणसी में भी बिगड़े हालात
दिल्ली ही नहीं, देश के दूसरे बड़े शहरों में भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है. मुंबई के बांद्रा रिक्लेमेशन और काला नगर इलाके में AQI 231 दर्ज किया गया है. यह खराब श्रेणी में आता है. वहीं उत्तर प्रदेश में स्थिति और चिंताजनक है. यहां वाराणसी का AQI 302 दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है.
#WATCH मुंबई, महाराष्ट्र: CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार, काला नगर के आसपास के इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 231 है, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है। (वीडियो सुबह 06.40 बजे की हैं) https://t.co/kkoyStJN4j
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2026
#WATCH उत्तर प्रदेश: केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, वाराणसी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 302 है, जिसे 'बहुत खराब' की श्रेणी में रखा गया है। (वीडियो सुबह 07.20 बजे की है) https://t.co/hEOeEiqKPG
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2026
जबकि राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी वायु प्रदूषण बढ़ा है. यहां AQI 204 रिकॉर्ड किया गया. वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली (EWS) के अनुमान के मुताबिक, दिल्ली में प्रदूषण का स्तर अगले कुछ दिनों तक गंभीर श्रेणी में बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को फिलहाल खराब हवा से राहत मिलने की उम्मीद कम है.
#WATCH जयपुर, राजस्थान: CPCB (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के अनुसार, शहर में AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक) 204 है, जिसे 'खराब' श्रेणी में रखा गया है। (वीडियो सुबह 6:40 बजे की है) https://t.co/nv5bxzyso1
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 9, 2026
प्रदूषण बढ़ने से सेहत पर पड़ सकता है असर
CPCB के मानकों के मुताबिक, AQI को छह श्रेणियों में बांटा गया है. शून्य से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच AQI ‘गंभीर’ माना जाता है.
हवा में प्रदूषण बढ़ने का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ता है. इससे आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है. अस्थमा, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह स्थिति ज्यादा खतरनाक हो सकती है. बच्चों और बुजुर्गों को भी प्रदूषित हवा से बचने की सलाह दी जाती है.