Lagatar Desk: केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने की घोषणा के बाद परिसीमन (Delimitation) विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों और गठबंधन की बैठक में रणनीतिक चर्चा जारी है. इसी सिलसिले में शनिवार की शाम रांची में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने दल के सांसदों के साथ बैठक कर मंत्रणा की है.
इस बैठक से संकेत मिले हैं कि राज्य में आदिवासियों की सीटें बढ़ीं, तो झारखंड मुक्ति मोर्चा विधेयक का समर्थन करने की ओर हाथ बढ़ा सकता है. हालांकि जेएमएम ने स्पष्ट तौर पर पत्ते नहीं खोले हैं और सांसदों ने अंतिम फैसला हेमंत सोरेन पर छोड़ा है. उससे पहले सभी सांसदों को बिल के बारे में तथ्यों को स्पष्ट तौर पर समझने को कहा गया है.
करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में परिसीमन बिल के प्रावधानों और झारखंड के हितों पर विस्तार से चर्चा हुई. मुख्यमंत्री ने सभी सांसदों को बिल का बारीकी से अध्ययन करने और संसद में पार्टी की रणनीति के अनुरूप अपनी भूमिका निभाने का निर्देश दिया है.
बैठक में शामिल होने के बाद जेएमएम की राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने मीडिया से कहा, अभी-अभी डॉक्यूमेंट्स मिले हैं. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हमें सलाह दी है कि बिल को सावधानी और विस्तार से पढ़ा जाए. मुख्यमंत्री जी भी अपने स्तर से इसे देख रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा, "बिल का सारा विवरण पिछली रात पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया था, जिसमें इसके प्रावधान और इसमें क्या है, यह सब समझाया गया था. हमें इस पर विशेषज्ञों की राय लेंगे. ताकि यह तय किया जा सके कि यह राज्य के हित में है या नहीं.... पार्टी के रूख पर उन्होंने कहा, अभी कुछ भी कहना जल्दीबाजी होगी. सभी तथ्यों को समझने के बाद कुछ कहा जा सकता है."
राज्यसभा के सांसद बैद्यानाथ राम ने कहा है, पर्याप्त समय है अध्ययन करने के लिए. 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की बातें हो रही हैं. अगर उसी अनुपात में एसटी, एससी की सीटें बढ़ेंगी, तो हम इसे देखेंगे. उसी आधार पर जेएमएम अपना सामूहिक फैसला लेगा.
राज्यसभा के सांसद सरफराज अहमद ने मीडिया से कहा, "बिल पर स्टडी करने को कहा गया है. अभी इसमें कई बातें हैं. सीटें बढ़नी है, तो उसी अनुरूप देखेंगे. लेकिन अंतिम तौर फैसला सीएम ही लेंगे."
गौरतलब है कि हेमंत सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष हैं. पार्टी में लोकसभा के तीन और राज्यसभा के तीन सांसद हैं. फिलहाल जेएमएम इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और राज्य में कांग्रेस, राजद, भाकपा माले के सहयोग से हेमंत सोरेन सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं.