Ranchi News: जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम रखने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस 16 सितंबर को लोकभवन मार्च करेगी. इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, मंत्री, विधायक, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे.
इसे भी पढ़ें:
मार्च के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा. इसमें केंद्र सरकार से जातिगत जनगणना में ओबीसी की सही संख्या दर्ज करने के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग की जाएगी.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जातिगत जनगणना सिर्फ आंकड़े जुटाने का काम नहीं है. इससे सामाजिक न्याय, समान अवसर और सरकारी योजनाओं में उचित हिस्सेदारी तय करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि देश की बड़ी आबादी ओबीसी समाज से आती है. ऐसे में जनगणना में उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सही आंकड़ा सामने आना जरूरी है.
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ओबीसी की आबादी के सही आंकड़े ही उपलब्ध नहीं होंगे, तो उनके लिए आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं की सही नीति कैसे बनेगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग सामाजिक न्याय और संविधान की भावना के अनुरूप है.
केशव महतो कमलेश ने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि ओबीसी की संख्या के आधार पर उन्हें अधिकार और हिस्सेदारी देने में परेशानी क्यों है. कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सदन से सड़क तक अपनी आवाज उठाती रहेगी.
उन्होंने कहा कि 16 सितंबर का लोकभवन मार्च केंद्र सरकार को यह संदेश देगा कि ओबीसी समाज की सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक हिस्सेदारी को आंकड़ों से नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. जब तक इस मांग पर ठोस फैसला नहीं होता, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

