Search

 
 
 

CWC बैठक में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे व SIR खत्म करने की मांग, राहुल बोले-पीएम खुद इस्तीफा दिलवाएंगे

New Delhi:  CWC की बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई. साथ ही SIR प्रक्रिया को रोकने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.
 
CWC बैठक

New Delhi: दिल्ली के इंदिरा भवन में मंगलवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक हुई. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.

 

बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई. बैठक में कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई. साथ ही SIR प्रक्रिया को रोकने और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की. 

 

राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने करीब 20-25 मिनट तक CWC सदस्यों को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा. दावा किया कि प्रधानमंत्री खुद उनको इस्तीफा दिलवाएंगे. 

 

इस दौरान राहुल गांधी ने तीन अहम प्रस्ताव भी रखे. इनमें ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा हो, SIR स्क्रैप हो और पीएम व गृहमंत्री इसकी जिम्मेदारी लें शामिल है. बैठक में उन्होंने आगे की रणनीति पर भी बात की.

 

राहुल गांधी ने कहा कि INDIA गठबंधन की बैठक के बाद यह तय किया जाएगा कि आंदोलन को रामलीला मैदान से आगे बढ़ाया जाए या राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. कांग्रेस नेताओं के मुताबिक,  पार्टी का विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक उसकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती. 

 

खड़गे ने सरकार और चुनाव आयोग पर लगाए आरोप

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी गंभीर आरोप लगाए और उन्हें पद से हटाने की मांग की. खड़गे ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने, मतदाता सूची में हुए बदलावों की जानकारी सार्वजनिक करने और गंभीर गड़बड़ियों की स्वतंत्र जांच की मांग रखी. 

 

संसद से सड़क तक जारी रहेगी लड़ाई : जयराम रमेश 

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बैठक के बाद कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अब सामने आई जानकारी से राहुल गांधी के पुराने आरोपों को बल मिला है.

 

जयराम रमेश ने दावा किया कि जो चुनाव हो रहे हैं वे निष्पक्ष नहीं हैं. उसमें पारदर्शिता नहीं है. उन्होंने भारत में हो रहे चुनाव को मैच फिक्सिंग चुनाव करार दिया. उन्होंने बनाए गए सभी कानून को गैर कानून बताया. रमेश ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल विरोध की राजनीति नहीं है ये प्रतिरोध की राजनीति है. 

 

कांग्रेस नेता हरीश चौधरी :  इस देश में गैर-संवैधानिक ढंग से काम हो रहा है. हर क्षेत्र में चुनाव आयोग के चयन, मताधिकार व मतदाता सूची के ऊपर डाका डालने से लेकर निष्पक्ष चुनाव नहीं करवाने का सफर, जिसकी बदौलत आज देश मतदाताओं द्वारा चुनी हुई सरकार से नहीं, बल्कि किन्हीं और ताकतों से चल रहा है. संविधान और नियमों के खिलाफ जो चुनाव हो रहे हैं, वो चुनाव संवैधानिक और नियमानुसार कैसे हों, ये संघर्ष आज देश के हर व्यक्ति की है...संसद से लेकर सड़क तक ये लड़ाई हम लड़ेंगे."



कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा :  हमने कहा है कि हरियाणा में चुनाव दोबारा करवाने चाहिए. क्योंकि ये साबित हो चुका है कि हरियाणा का चुनाव पूरी तरह से चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत के साथ किया है. जनभावना को हराने का काम हरियाणा में किया गया है. चुनाव आयोग का व्यापक रूप से दुरुपयोग किया गया. भाजपा द्वारा चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करके बहुत बड़ा खेल वहां पर खेला गया. आज ये चोरी साबित हो चुकी है. इससे ज्यादा सबूत और क्या होगा. हमारी मांग है कि ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा तुरंत प्रभाव से हो और उनके खिलाफ कार्रवाई हो. साथ में हरियाणा जैसे प्रदेश जहां चुनाव के दौरान धांधली हुई है, वहां दोबारा चुनाव करवाए जाएं.

 

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम :  पहले SC-ST संसदीय मंच होता था. SC-ST से संबंधित मुद्दों पर वह मंच हमेशा उनकी चिंताओं को उठाता था. SC-ST संसदीय मंच बनाने का लक्ष्य यही है कि जो SC-ST से संबंधित विषय आते हैं, उन्हें प्राथमिकता के तौर पर सदन में उठाया जाए. इसके लिए एक विशेष कानून की आवश्यकता है, जैसा हमने तेलंगाना में, कर्नाटक में और आंध्र प्रदेश में विशेष कानून बनाया, उसकी आवश्कता पूरे देश में है, ताकि इन विषयों को भटकाया न जा सके. 

 

कांग्रेस नेत्री कुमारी शैलजा :  पूरी कांग्रेस पार्टी और पूरे देश लोगों को लोकतंत्र को बचाने के लिए इस लड़ाई में साथ खड़ा होना पड़ेगा. हम लोग राहुल गांधी के साथ हैं. पूरी कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ इस लड़ाई में है. वोट चोरी का विषय सबसे पहले राहुल गांधी ने उठाया और उनकी एक-एक बात सच साबित हो रही है. कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक इस लड़ाई को लड़ेगी. 

 

कांग्रेस नेत्री प्रतिभा सिंह :  ECI विवाद को लेकर राहुल गांधी ने निर्देश दिए हैं, सभी कांग्रेस के लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए हैं. हम उसी पर चर्चा करेंगे और मैदान में उतरकर हम इस लड़ाई को लड़ेंगे. 

 

कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह :  कांग्रेस पार्टी आर-पार की लड़ाई के मूड में है और राहुल गांधी के साथ है. कल पूरे विपक्ष की बैठक के बाद इसमें फैसला किया जाएगा और आगे की रूपरेखा तय की जाएगी.

 

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत :  मोदी-ज्ञानेश की यारी, जनता से गद्दारी और वोटों की चोरी, जैसे विषयों पर यहां पर चर्चा हुई. न केवल किसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की बात है बल्कि संवैधानिक संस्थान चुनाव आयोग के कृत्य के बारे में, जिसमें घून लग चुका है, उसमें सुधार लाने की बातें सामने आई हैं. 


कांग्रेस नेत्री मीरा कुमार :  आंदोलन होगा, सब कुछ होगा क्योंकि ये एक ऐसा विषय है, जिसमें हमारी देश की जनता प्रभावित है. हम जनता की लड़ाई लड़ते हैं, हम जनतंत्र में रह रहे हैं जहां जनता को ही वोट डालने का अधिकार नहीं है. हम जनता को उनका अधिकार दिलाएंगे.

 

कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन:  SIR के मामले और CEC के मामले पर यह बैठक थी. उसी को लेकर बातचीत हुई है. हमारी जो पहले मांगें थीं, हम उसे जारी रखेंगे. हम ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही