Search

 
 
 

देवघर: श्रावणी मेले की तैयारियों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश

देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर संथाल परगना कमिश्नर संजय कुमार, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी सौरभ ने शनिवार को मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया.
 
  • कमिश्नर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

Deoghar : देवघर राजकीय श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर संथाल परगना कमिश्नर संजय कुमार, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी सौरभ ने शनिवार को मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया. 

 

इस दौरान दर्दमारा, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क, शिवगंगा, क्यू कॉम्प्लेक्स, बीएड कॉलेज, बाघमारा स्थित नए आईएसबीटी और कोठिया सहित दुम्मा कांवरिया पथ से देवपुरा, बांक, सरासनी और दर्दमारा गेट तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.

 

अधिकारियों ने स्थल पर चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान कांवरिया पथ पर बनाए जाने वाले प्रशासनिक शिविर, पुलिस ओपी, स्वास्थ्य केंद्र, बिजली आपूर्ति, सूचना एवं सहायता केंद्र, होल्डिंग पॉइंट, शौचालय और स्नानागार जैसी सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी ली गई.

 

साथ ही क्यू कॉम्प्लेक्स, इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, नेहरू पार्क, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज और जलसार पार्क में प्रस्तावित होल्डिंग पॉइंट्स पर सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया. निरीक्षण के बाद देवघर परिसदन में कमिश्नर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई.

 

बैठक में कहा गया कि श्रावणी मेला के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथधाम पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है. सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का निर्देश दिया गया.

 

बैठक में नगर निगम, स्वास्थ्य, सूचना एवं जनसंपर्क, विद्युत, पथ निर्माण, पर्यटन, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई. डीसी ने प्रस्तुति के माध्यम से पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए इस बार और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया. बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए. कांवरिया पथ पर विश्राम गृह और सूचना केंद्रों को मजबूत बनाने की बात कही गई.

 

डीसी ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आवंटन, निविदा और निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो. 

 

वहीं, एसपी ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर की जाने वाली तैयारियों की जानकारी दी. कमिश्नर ने कहा कि श्रावणी मेला राज्य और जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है. देवघर की अंतर्राष्ट्रीय छवि को और बेहतर बनाना लक्ष्य है, जिसके लिए मेला क्षेत्र में विश्वस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी. बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, अभियंता और नगर निगम की टीम मौजूद रही.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही