Deoghar : देवघर श्रावणी मेले में इस वर्ष श्रद्धालुओं की सुरक्षा व बेहतर व्यवस्थाओं के लिए कई अत्याधुनिक सुविधाएं शुरू की गई हैं. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कैमरे सबसे अधिक चर्चा में हैं. जो मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रख रहे हैं.

श्रावणी मेले में लगे एआई कैमरे.
जिले के विभिन्न चौक-चौराहों के साथ-साथ दुम्मा प्रवेश द्वार पर भी AI कैमरे लगाए गए हैं. दुम्मा गेट पर तैनात कर्मी अशोक टुडू ने बताया कि यह कैमरा प्रत्येक श्रद्धालु की गिनती करता है और हर घंटे उसकी रिपोर्ट सीधे देवघर में स्थापित कंट्रोल रूम को भेजता है. इससे प्रशासन को यह जानकारी मिलती रहती है कि एक घंटे में कितने श्रद्धालु बाबा मंदिर की ओर रवाना हुए.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुम्मा प्रवेश द्वार से लेकर कांवरिया पथ और बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक जगह-जगह दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है. सारवां अंचल के सीओ राजेश कुमार साह ने बताया कि श्रद्धालुओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. यदि किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ती है, तो मौके पर मौजूद अधिकारी तत्काल सहायता उपलब्ध कराते हैं और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सुविधा भी सुनिश्चित की जा रही है.
वहीं, इस वर्ष AI तकनीक का उपयोग असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए भी किया जा रहा है. देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, यदि कोई संदिग्ध AI कैमरों की निगरानी में आता है, तो सिस्टम तत्काल पुलिस कर्मियों को अलर्ट भेजेगा. ताकी समय रहते कार्रवाई कर मेले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment