Search

 
 
 

Deoghar News : देवघर के केकेएन स्टेडियम में जनजातीय खेल शुरू, गुलेल से तीरंदाजी तक में दिखा उत्साह

Deoghar News: डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय खेल झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान हैं. ये खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक फिटनेस, मानसिक विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच भी हैं.
 
प्रतियोगिता का उद्घाटन करते डीसी, एसपी और अन्य.

Deoghar News : देवघर के केकेएन स्टेडियम में गुरुवार को ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ. प्रतियोगिता का उद्घाटन डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने तीरंदाजी में निशाना साधकर किया. झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 14 से 40 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं.


उद्घाटन समारोह में एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष कुमार सिन्हा और नगर आयुक्त सुलोचना मीणा भी मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने तीरंदाजी में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. डीसी ने कहा कि ग्रामीण और जनजातीय खेल झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान हैं. ये खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शारीरिक फिटनेस, मानसिक विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच भी हैं. 


उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की अपील की. एसपी ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया. प्रतियोगिता में परंपरा और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है. व्यक्तिगत स्पर्धाओं में गुलेल, मटका दौड़, स्टिल्ट रेस, भार वहन दौड़ और तीरंदाजी शामिल हैं. वहीं, सामूहिक मुकाबलों में सेकोर, फुटबॉल, हॉकी और वॉलीबॉल के खिलाड़ी अपनी क्षमता दिखा रहे हैं.


इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल विजेता चुनना नहीं, बल्कि गांवों और जनजातीय समुदायों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना भी है. जिला स्तर पर सफल टीमें प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में देवघर का प्रतिनिधित्व करेंगी. वहां से चयनित टीमें राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही