Search

 
 
 

देवघरः शिव बारात में मोबाइल चोरों का आतंक, 200 श्रद्धालु बने शिकार

देवघर एसपी सौरभ के निर्देश पर शिव बारात के दौरान सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी. पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध पॉकेटमारों को पकड़ लिया है. सभी को पूछताछ के लिए नगर थाना लाकर चोरी गए मोबाइल बरामद करने का प्रयास जारी है.
 

Deoghar : बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में महाशिवरात्रि पर रविवार को निकली शिव बारात श्रद्धा व उत्साह का केंद्र रही. लेकिन इसी भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल चोरों व पॉकेटमारों ने जमकर हाथ साफ किया. बारात के दौरान 200 से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी कर लिये गये. घटना के बाद रविवार देर शाम से सोमवार सुबह तक पीड़ित नगर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते रहे.


देवघर एसपी सौरभ के निर्देश पर शिव बारात के दौरान सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी. पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध पॉकेटमारों को पकड़ लिया है. सभी को पूछताछ के लिए नगर थाना लाकर चोरी गए मोबाइल बरामद करने का प्रयास जारी है.


मोबाइल चोरी का शिकार हुए श्रद्धालुओं में सीतामढ़ी मंदिर, टावर चौक, बाजला चौक, केकेएन स्टेडियम, बिलासी, पालिका बाजार, कोर्ट रोड और कोलकाता बाजार जैसे इलाकों के लोग शामिल हैं. पीड़ितों में झारखंड के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल व अन्य राज्यों से आए श्रद्धालु भी हैं. कई मामलों में मोबाइल के साथ नकदी व जरूरी कागजात भी गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है.


टावर चौक पहुंची एक छात्रा का लैपटॉप भी चोरों ने उड़ा लिया. पीड़िता ममता बिहार के बांका जिले के सुईया की रहने वाली है. उसने बताया कि वह गेट परीक्षा देकर लौटने के बाद बाबा की बारात देखने पहुंची थी. भीड़ के बीच कंधे पर टंगे बैग का चेन खोलकर लैपटॉप निकाल लिया गया, जिसकी जानकारी उसे काफी देर बाद हुई.


मुखिया की जेब से नकदी व मोबाइल गायब


बिहार के नवादा जिले से शिव बारात देखने आए भगवानपुर पंचायत के मुखिया की भी जेब कट गई. मुखिया ने बताया कि भीड़ में लगभग 60 हजार रुपये नकद व मोबाइल गायब हो गया. थाना में उन्होंने मोबाइल खोने की शिकायत दर्ज कराई है. जबकि नकदी को लेकर अलग से शिकायत देने की तैयारी की जा रही है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही