Hazaribagh News: हजारीबाग में महान सम्राट अशोक की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आमंत्रित किया गया है. कुशवाहा स्वयंसेवक संघ, हजारीबाग के संरक्षक प्रशांत कुमार सिन्हा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया. संघ के अनुसार, मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल होने पर अपनी सहमति प्रदान की है.
इसे भी पढ़ें:
मुलाकात के दौरान कुशवाहा स्वयंसेवक संघ की ओर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को समाज के प्रति उनके योगदान और सामाजिक कार्यों के सम्मान में स्वाभिमान सम्मान-चिह्न भेंट किया गया. प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान समाजहित, जनकल्याण और सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की.
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक एकता और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में संघ की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी सहयोग, भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करना है. समाजहित में संचालित गतिविधियों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई गई.
बैठक में जनकल्याण और समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाए जा रहे 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के सिद्धांतों को धरातल पर उतारने की दिशा में सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया गया.
कुशवाहा स्वयंसेवक संघ की इस पहल का उद्देश्य हजारीबाग में सम्राट अशोक की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप देना है. प्रतिमा स्थापना के माध्यम से महान सम्राट अशोक के ऐतिहासिक योगदान, शांति, सद्भाव, मानवता और जनकल्याण के आदर्शों को लोगों तक पहुंचाने की योजना है.
कुशवाहा स्वयं सेवक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सहभागिता से कार्यक्रम को नई पहचान मिलेगी. साथ ही यह आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में सहायक होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

