Dhanbad News : झरिया स्थित भौरा 19 नंबर खदान में सोमवार को ओबी डंपिंग के दौरान हादसा हो गया. ओवरबर्डन (ओबी) की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान कौशल्या देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है. वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.

मुआवजा राशि को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और अधिकारी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उन्हें मदद का भरोसा दिया. इस दौरान अधिकारियों की ओर से मृतका के परिवार को एक लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई. हालांकि, मुआवजे की इस राशि को लेकर ग्रामीणों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने नाराजगी जताई और इसे अपर्याप्त बताया है.
उचित मुआवजे और सुरक्षा व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों और नेताओं ने मृतका के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही उन्होंने ओबी डंपिंग के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने पर सवाल उठाए हैं. लोगों ने मांग की है कि ओबी डंपिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदारी तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाए.