धनबाद: बीबीएमकेयू के खिलाफ आजसू छात्र संघ ने किया धरना-प्रदर्शन
Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति पर मनमाने पूर्ण कार्य और छात्र विरोधी नीतियों के आरोप में आजसू छात्र संघ द्वारा चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के अंतर्गत 28 फरवरी को विश्वविद्यालय कार्यालय में धरना- प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए बीबीएमकेयू प्रभारी हीरालाल महतो ने कहा कि कुलपति डॉ शुकदेव भोई की मानसिकता कॉलेजों में शैक्षणिक माहौल व मूलभूत सुविधाओं को पूरा करने के विपरीत घूसखोरी व घोटाला करने में है. एक ओर जहां न्यू एडुकेशन पॉलिसी के तहत विवि के पहले यूजी सेमेस्टर 1 की परीक्षा बिना शिक्षक व बिना पढ़ाई कराए ली जा रही है. हालांकि इन विषयों के लिए फीस के रूप में अतिरिक्त 350 फीस ली गयी है. दूसरी ओर कुलपति शैक्षणिक कार्यों को दुरुस्त करने के विपरीत अपने करीबी होटल मालिकों को बिना टेंडर प्रकिया के कैंटीन आवंटित कर रहे हैं. इसके अलावा लॉ कॉलेज में स्थायी प्राचार्य का मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया है. पिछले सत्र में बीएड के छात्रों को पीजी में नामांकन का मौका नहीं दिया गया. वहीं अब स्थानीय भाषा कुड़माली की अनदेखी कर उड़िया भाषा के शिक्षक की बहाली की जा रही है. प्रतिदिन समस्याओं को लेकर सैकड़ों विद्यार्थी कॉलेज व विवि कार्यालय में भटकते रहते हैं. ऐसे में विश्वविद्यालय केवल डिग्री बांटने की मशीन बन कर रह गया है. छात्र नेता ने कहा कि यदि अब भी विवि ने अपनी कार्यशैली नहीं सुधारी तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे. आंदोलन के अगले चरण में संघ 4 फरवरी को रणधीर वर्मा चौक पर धरना देगा. बता दें कि चरणबद्ध आंदोलन के क्रम में इसके पूर्व आजसू छात्र संघ के द्वारा पुतला दहन एवं हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा चुका है. प्रदर्शन में विश्वविद्यालय अध्यक्ष विशाल महतो, विकास कुमार, सचिन दास, विक्की कुमार, आकाश मोदक, रोहित कुमार, सोनू कुमार, राजेश महतो, विवेक महतो, दिनेश दास के साथ अन्य शामिल थे. [wpse_comments_template]

Leave a Comment