Search

धनबाद:  बीएड के विद्यार्थियों ने विवि में किया प्रदर्शन

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) के सत्र 2016-19 से सत्र 2020-23 तक के विद्यार्थियों ने एक अप्रैल शनिवार को पॉलिटेक्निक स्थित विश्वविद्यालय कार्यालय में जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन और हंगामा के बाद विद्यार्थी कुलपति कार्यालय के गेट के समक्ष बैठ गए. इस बीच उन्होंने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांग से अवगत कराया. उन्होंने एक जेनरिक पेपर की दोबारा परीक्षा लेकर स्नातक का संशोधित रिजल्ट जारी करने की मांग की.

  केवीएस की वेकैंसी के लिए अयोग्य हो रहे अभ्यर्थी

विद्यार्थियों ने बताया कि चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम (सीबीसीएस) के तहत उन्होंने स्नातक में एकमात्र जेनेरिक पेपर की पढ़ाई की थी. लेकिन केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) द्वारा निकाली गई बहाली में स्नातक में दो जेनेरिक पेपर की अनिवार्यता रखी गई है. इस वजह से वे इस प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने से वंचित हो रहे हैं. उन्होंने रांची एवं विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग की तरह एक जेनेरिक पेपर की परीक्षा लेकर संशोधित रिजल्ट जारी करने की मांग की. कुलपति ने विद्यार्थियों को एक माह के भीतर इस समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया. इसके बाद विद्यार्थी लौट गए.

  सेमेस्टर 2 के फेल विद्यार्थियों ने भी किया हंगामा

बीबीएमकेयू के अंतर्गत बीएड कॉलेजों (एसएसएलएनटी महिला कॉलेज को छोड़कर) के बीएड सेमेस्टर टू के फेल विद्यार्थियों ने भी विश्वविद्यालय में हंगामा किया. विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें एसेसमेंट ऑफ़ लर्निंग और नॉलेज एंड करिकुलम विषय में फेल कर दिया गया है. कई विद्यार्थियों को मात्र पांच से सात अंक दिए गए हैं. विद्यार्थियों ने कॉपी के लिए रि-इवैल्युएशन की मांग की. कुलपति ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि वह कॉपी निकलवा कर अन्य शिक्षक से दिखाएंगे. यदि कुछ त्रुटि नजर आएगी तो रि-इवैल्युएशन का निर्णय लिया जा सकता है. प्रदर्शन करने वालों में सिराज अंसारी, दिलीप मंडल, विष्णु कुमार सेन, सोनू कुमार महतो, ताहिर अंसारी, तारीक अंसारी, प्रेम कुमार रवानी, इरफान अंसारी, रोशन यादव, संगीता कुमारी, प्रियंका कुमारी, प्रियंका सोरेन, जेबा कौसर, मृदुला किस्कू, प पारीक राय सूरज बेसरा कृष्णा गोपाल माझी आदि शामिल थे. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp