Jharia : झरिया (Jharia) लोअर चौथाई कुल्ही में गुरुवार 19 जनवरी की रात लगभग 12 बजे स्वर्गीय नसीम अंसारी की धर्मपत्नी शकीना खातून (60 वर्ष) पर बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली चलाई और भाग निकले. गोली महिला के बाए कंधे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला के पुत्र नईम अंसारी ने बताया कि क्षेत्र में पानी की बड़ी किल्लत है.
पानी लेने गई थी सरकारी नल पर
सरकारी नलों में पेयजल आपूर्ति की कोई समय सीमा नहीं है. रात बेरात कभी भी पानी की सप्लाई होती है. उनकी मां शकीना खातून रात लगभग 12 बजे गली में सावर्जनिक नल के समीप पहुंची ही थी कि तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो लोगों ने उनपर गोली चला दी. वह कुछ समझ पाती, बाइक सवार धस्कापट्टी की तरफ भाग निकले. घायल अवस्था में वह घर पहुंची. मामला एक दिन पहले खूनी टकराव से जुड़ा होने का संदेह
सूचना झरिया पुलिस के गश्ती दल को दी गई. पुलिस ने घायल वृद्ध महिला को स्थानीय निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे धनबाद एसएनएमसीएच ले जाया गया. इलाज के बाद महिला की स्थिति पहले से बेहतर बताई जा रही है. नईम अंसारी के अनुसार उनकी व उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है. हालांकि कुछ स्थानीय लोग इस घटना को गुरुवार की सुबह रघुकुल व सिंह मेंशन समर्थकों के बीच खूनी टकराव से जोड़ कर देख रहे हैं. जिस जगह वृद्ध महिला पर गोली चलाई गई, वह जगह धनंजय यादव के आवास से मात्र पचास कदम की दूरी पर है. बता दें कि गुरुवार की सुबह रामबाबू धिक्कार व धनंजय यादव के समर्थकों के बीच ही खूनी संघर्ष हुआ था. बमबाजी व फायरिंग में कई लोग जख्मी हुए थे. इस टकराव में एक घायल युवक निरंजन तांती की मौत भी अस्पताल में हो चुकी है. झरिया थाना प्रभारी पंकज झा ने बताया कि एक वृद्ध महिला को गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है. [wpse_comments_template]
Leave a Comment