- मशाल की रोशनी में गूंजा सेवा का संकल्प,
Dhanbad : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से देशभर में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा की गूंज बुधवार को धनबाद में भी सुनाई दी. जगजीवन नगर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया.
एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश और उनके सार्वजनिक जीवन से जुड़े कार्यों को लोगों तक पहुंचाया गया. धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, विधायक रागिनी सिंह और विधायक शत्रुघ्न महतो ने हाथों में मशाल लेकर यात्रा की शुरुआत की. इससे पहले सांसद ढुल्लू महतो ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई.

हाथों में मशाल लेकर यात्रा की शुरुआत
भाजपा नेताओं ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. इसके बाद से उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी क्रम में धनबाद में भी सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया.
नेताओं के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य राजनीति को सेवा, विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है. साथ ही विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को और मजबूत करने का संदेश भी लोगों तक पहुंचाना है.

सांसद ढुल्लू ने कार्यकर्ताओं को जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई
मशाल जुलूस के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ता पार्टी के झंडे और मशाल के साथ आगे बढ़ते रहे. आयोजन के दौरान सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर कार्यकर्ताओं ने एकजुटता का प्रदर्शन किया.