Search

धनबाद: पार्टी कार्यक्रमों से दूर हो रहे भाजपा कार्यकर्ता, सांसद-विधायक भी कर रहे परहेज

  Niraj Kumar  Dhanbad : धनबाद (Dhanbad)  देश की सबसे बड़ी और अनुशासित होने का दावा करनेवाली पार्टी भाजपा धनबाद में इन दिनों बिखरी-बिखरी क्यों नजर आती है, इस सवाल का जवाब ढूंढने पर भी नहीं मिलता. मिल भी नहीं सकता. क्योंकि भाजपा की रणनीति, अंदरुनी राजनीति, बहस व निष्कर्ष उस तरह सार्वजिनक नहीं किये जाते, जैसा अन्य राजनीतिक दलों में नजर आता है. मगर इन्हीं राजनीतिक दलों में गुटबाजी एक ऐसा गुण या दुर्गुण है, जो छिपाये नहीं छिपती. धनबाद भाजपा की गुटबाजी भी इन दिनों कई मौके पर चौंकाने वाली रही है. यह गुटबाजी पार्टी के कार्यक्रमों और आंदोलनों में भी नजर आने लगी है. पार्टी के बूथ सशक्तीकरण, प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों और होली मिलन में गुटबाजी की खबरें शुभम संदेश प्रमुखता से प्रकाशित कर चुका है. अब हाल ही दो दिन पहले छह अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस पर भी कई नेता खुद को अलग-अलग स्थापित करते दिखाई दिये. विगत 7 अप्रैल को सांसद पशुपतिनाथ सिंह की प्रेस वार्ता में भी नेताओं की उपस्थिति व अनुपस्थिति ने गुटबाजी को उजागर किया. स्थापना दिवस पर कई नेता व कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय में झंडा फहरा रहे थे. मगर विधायक राज सिन्हा रोड शो में व्यस्त नजर आये. रोड शो में भीड़ ज्यादा थी, जबकि अन्य कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं की संख्या नगण्य दिखी.

   विधायक ने पार्टी लाइन से हट कर निकाली रैली

राजनीति के जानकारों का कहना है कि विधायक राज सिन्हा की रैली पार्टी लाइन से हट कर उनका निजी कार्यक्रम था. पार्टी के निर्धारित कार्यक्रम से अलग रह कर जगजीवन नगर स्थित अपने आवासीय कार्यालय से रोड शो निकालने के पीछे उनका क्या मकसद था, यह तो नहीं कहा जा सकता, मगर उस शो में समर्थकों को छोड़ कर जिला कमेटी के लगभग सभी लोग नदारद रहे. सिर्फ संजय झा और श्रवन राय ही शामिल हुए. सांसद के समर्थक कहे जानेवाले लगभग सभी नेता व कार्यकर्ता रोड शो से दूर ही रहे.

  दर्जन भर कार्यकर्ता पहुंचे पार्टी कार्यालय

स्थापना दिवस पर भाजपा के बलियापुर रोड स्थित कार्यालय में पार्टी का झंडा फहराने के कार्यक्रम में भी कार्यकर्ताओं की संख्या मुट्ठी भर रही. उनमें भी जिला कमेटी के कार्यकर्ताओं की संख्या उंगलियों पर गिनने लायक थी. यहां तक कि पार्टी कार्यालय का कार्यक्रम होने के बावजूद सांसद पशुपतिनाथ सिंह और विधायक राज सिन्हा भी नहीं पहुंचे.

     सांसद की प्रेस वार्ता से विधायकों ने बनाई दूरी

विगत 7 अप्रैल को सांसद पी एन सिंह ने सचिवालय के घेराव को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रेस वार्ता की. प्रेस वार्ता में पार्टी की जिला कमेटी ने सभी भाजपा विधायकों को आमंत्रित किया था. परंतु पहुंची सिर्फ निरसा विधायक अपर्णा सेन गुप्ता. विधायक राज सिन्हा और ढुल्लू महतो ने दूरी बनाए रखी. सचिवालय का घेराव पार्टी का आंदोलनात्मक कार्यक्रम है. इसे सफल बनाने के लिए पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं. प्रेस वार्ता भी उनमें एक था. बावजूद पार्टी के विधायकों की अन्यमनस्कता से सवाल तो उठते ही हैं. जानकारों का कहना है कि लोकसभा के लिए उम्मीदवारी को लेकर विधायक राज सिन्हा की चर्चा जारी है तो उधर ढुल्लू महतो की महत्वाकांक्षा भी किसी से छिपी नहीं है.

  शुभम संदेश पहले भी उठाता रहा है गुटबाजी का मामला

बता दें कि शुभम संदेश अखबार धनबाद भाजपा में गुटबाजी की खबर पहले भी प्रकाशित कर चुका है. उन खबरों से प्रदेश भाजपा के बड़े नेता भी चौकन्ने हुए. बूथ सशक्तीकरण की बैठक में इस मामले पर कार्यकर्ताओं की क्लास भी लगाई गई थी. ऐसे कार्यकर्ताओं व नेताओं को विधानसभा व लोकसभा चुनाव सिर पर रहने का हवाला देते हुए चेतावनी भी दी गई थी. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp