Search

 
 
 

धनबादः सड़क निर्माण के विवाद में तोपचांची में खूनी संघर्ष, मुखिया समेत 6 घायल

तोपचांची थाना क्षेत्र के सिंघदाहा दास टोला में पीसीसी सड़क निर्माण के विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया. मारपीट में गांव के मुखिया समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा गया.
 
अस्पताल में इलाजरत घायल.

Dhanbad : धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के सिंघदाहा दास टोला में पीसीसी सड़क निर्माण के विवाद ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया. मारपीट में गांव के मुखिया समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद भेजा गया. 


मिली जानकारी के अनुसार, श्मशान घाट जाने वाले रास्ते पर विधायक मद से पीसीसी सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान जमीन संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.


आरोप है कि सुनील दास कहीं जा रहे थे, तभी बस्ती के अशोक दास, देवाशीष दास व धनकिशोर दास ने परिजनों के साथ मिलकर उन्हें रास्ते में घेर लिया और लोहे की रॉड व चाकू से हमला कर दिया. हमले में सुनील दास गंभीर रूप से घायल हो गये. शोर सुनकर जब उनके परिजन मौके पर पहुंचे, तो हमलावरों ने उन पर भी रॉड व चाकू से वार कर दिया.


घटना में गांव के मुखिया हरिचरण दास बुरी तरह जख्मी हो गए हैं. उनके पुत्र अनुज कुमार दास के गले में चाकू लगने की सूचना है. दो महिलाएं सहित कुल छह लोग घायल बताए जा रहे हैं. एसएनएमएमसीएच में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. मुखिया हरिचरण दास की हालत नाजुक बताई जा रही है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी चल रही थी.


थाना प्रभारी अजय भारती ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ है. घायलों का इलाज कराया जा रहा है. लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही