Search

धनबाद: गोमो में वट सावित्री व्रत रख सुहागिनों ने मांगा अखंड सुहाग

Gomoh: सुहागिनों का वट सावित्री व्रत शुक्रवार 19 मई को  हर्षोल्लास से  मनाया गया. इस अवसर पर सुहागिनों ने उपवास रख वट वृक्ष  की पूजा अर्चना कर अखंड सुहाग का आशीर्वाद मांगा. सुबह  सुहागिनें सोलह श्रृंगार कर वट वृक्ष के नीचे पहुंची और पूजा-पाठ कर पुरोहित से सावित्री-सत्यवान की कथा सुनीं. मान्यताओं के अनुसार वट वृक्ष की परिक्रमा कर  बांस के पंखे से वट देवता को शीतल हवा कर सुहाग की सलामती, परिवार की समृद्धि और खुशहाली का वरदान मांगा. पूजा के बाद सुहागिनों ने अपने जूड़े में बरगद का पत्ता लगाया और  घर पहुंच कर  पति की आरती उतारी व पंखे से हवा कर आशीर्वाद लिया. परिवार के सदस्यों के बीच  प्रसाद भी बांटे. रेल नगरी गोमो के लोको बाज़ार स्थित कुमार वाटिका, रेलवे फुटबाल ग्राउंड़ चौक,  रेलवे कॉलोनी के टाइप, जीतपुर दुर्गा मंडप आदि स्थानों में सुबह छ बजे से 12 बजे तक पूजा स्थलों पर महिलाओं की भारी भीड़ रही. पुरोहित पंडित सुबोध पांडेय , कौशल  कुमार झा, आशीष चक्रवर्ती, पंडित गुडू मिश्रा ने कथा वाचन में कहा कि  वट सावित्री का पूजन सभी सुहागिनों को करना चाहिए. शास्त्रों में सावित्री अपने मृत पति सत्यावान को वट वृक्ष के नीचे रख कर यमराज  के पीछे चल पड़ी थी. पतिव्रता सावित्री के दृढ संकल्प के आगे यमराज को  झुकना पडा और सत्यवान के प्राण लौटा दिये.  यह कथा सतयुग की है. परंतु मान्यता के अनुसार वर्षों से सुहगिनें इस दिन व्रत रख   पूजा अर्चना करती रही हैं. [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp