दोनों पक्षों ने एक दूसरे को दोषी ठहराया, पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
Maithon : कुमारधुबी संजयनगर में 16 जून शुक्रवार की देर रात दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें बारह लोग घायल हो गये. छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है. घटना के संबंध में एक पक्ष ने बताया कि एक माह से बस्ती में असामाजिक तत्वों द्वारा पत्थरबाजी की जा रही थी. कई लोग घायल भी हुए थे. स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई थी. पत्थरबाजी में पकड़े गए थे दो युवक
दो दिन पहले पत्थरबाजी करते कुछ लड़कों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था. पुलिस ने दोनों पक्षों को ओपी में बुलाकर समझौता कराया और बॉन्ड भरवा कर छोड़ दिया. रात में बिजली गुल हो जाने के बाद पूरी बस्ती में अंधेरा हो गया. इसी बीच फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई. पत्थरबाजी करने वाले वही लड़के थे, जो पहले भी पकड़े गये थे. पत्थरबाजी का विरोध करने पर घात लगाए बैठे लगभग 20--25 युवकों ने हमला बोल दिया. लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही लाठी-डंडा व रड से हमला कर दिया, जिसमें 8-10 लोग घायल हो गये. सभी घायलों का अस्पताल में हो रहा इलाज
सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनमें छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया गया. ग्रामीणों ने रात में ही कुमारधुबी ओपी पहुंच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की. एक घंटे तक ओपी में खूब हंगामा हुआ. बाद में पुलिस ने सभी को कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेजा. शराब की बिक्री का विरोध करने पर हुई मारपीट
दूसरे पक्ष ने कहा कि मोहल्ले में कुछ लोगों द्वारा शराब बिक्री की जाती है, जहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. विरोध किया तो पत्थरबाजी का आरोप लगा दिया गया. मारपीट भी की गयी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं. कुमारधुबी पुलिस से शिकायत की तो आवेदन नहीं लिया. मुखिया को सूचना दी गयी तो वह भी नहीं आयीं. कुमारधुबी ओपी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने कहा कि दो पक्षों में मारपीट हुई है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं. पुलिस जांच कर रही है. दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. [wpse_comments_template]
Leave a Comment