Search

 
 
 

धनबादः DC-SSP ने चुनाव तैयारियों का लिया जायजा, डिस्पैच–रिसीविंग सेंटर का किया निरीक्षण

डीसी आदित्य रंजन व एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को डिस्पैच व रिसीविंग सेंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की. दोनों पदाधिकारी सबसे पहले शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम स्थित वाहन कोषांग पहुंचे.
 

Dhanbad : धनबाद में नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने अंतिम चरण की तैयारियां पूरी कर ली हैं. डीसी आदित्य रंजन व एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को डिस्पैच व रिसीविंग सेंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की.


दोनों पदाधिकारी सबसे पहले शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम स्थित वाहन कोषांग पहुंचे. यहां चुनाव कार्य में लगाए गए लगभग 250 बसों व करीब 250 छोटे वाहनों को निर्धारित रूट के अनुसार समय पर डिस्पैच सेंटर भेजने का निर्देश दिया. इसके बाद टीम ने राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण किया. डीसी ने पदाधिकारियों को पोलिंग सामग्री के मूवमेंट प्लान का सख्ती से पालन करने व रिसीविंग प्लान के अनुरूप सावधानीपूर्वक सामग्री प्राप्त करने का निर्देश दिया. यहां धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के वार्डवार बनाए गए रिसीविंग टेबल, वज्रगृह, काउंटिंग हॉल व मीडिया सेंटर का भी जायजा लिया गया.


 भ्रमण के अंतिम चरण में दोनों अधिकारी मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित डिस्पैच सेंटर पहुंचे. उन्होंने चुनाव सामग्री को समय पर रवाना करने व निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य संपादित करने के निर्देश दिए. धनबाद नगर निगम के 55 वार्ड व चिरकुंडा नगर परिषद के 21 वार्ड के लिए बनाए गए काउंटर, रिजर्व पोलिंग पार्टी शेड, कार्मिक कोषांग, पास कोषांग, मेडिकल कैंप, फूड स्टॉल, कंट्रोल रूम व मीडिया कोषांग का भी निरीक्षण किया गया.


डीसी ने कहा कि डिस्पैच के दिन सभी वाहन चालकों व पोलिंग पार्टियों को कंट्रोल रूम से लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे. उन्होंने सभी वाहनों को समय पर डिस्पैच करने, सीधे निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने व मतदान संपन्न होने के बाद सीधे राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित रिसीविंग सेंटर लौटने का निर्देश दिया.

 

एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टी से पहले पुलिस पदाधिकारी पहुंचेंगे. चुनाव सामग्री के सुगम आवागमन के लिए 23 रूटों पर ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था की गई है. इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज, एसडीओ लोकेश बारंगे, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी  मुकेश कुमार बाउरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, डीटीओ दिवाकर सी द्विवेदी सहित सभी निर्वाची पदाधिकारी मौजूद रहे.

 



Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही