Search

पेंशन लेने के मामले में धनबाद के मुर्दे पहले और रांची के चौथे नंबर पर

LAGATAR EXPOSE

Ranchi : पेंशन लेने के मामले में औद्योगिक शहर धनबाद के मुर्दे पहले नंबर पर है. राजधानी रांची के मुर्दे इस मामले मे चौथे नंबर पर हैं. सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के ऑडिट के दौरान मुर्दों द्वारा भी 1000 रुपये प्रति माह पेंशन लेने के आंकड़ों से इस बात की जानकारी मिलती है. राज्य के 4536 ग्राम पंचायतों में से सिर्फ 22 ग्राम पंचायतों के ऑडिट के दौरान 445 मुर्दो के पेंशन लेने का मामला प्रकाश में आया है.

 

राज्य सरकार के आदेश के आलोक में सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत पेंशन लेने वालों की वास्तविक स्थिति की जानकारी के लिए ऑडिट का काम जारी है. सरकार के आदेश के आलोक में अब तक सिर्फ 22 ग्राम पंचायतों में ही ऑडिट का काम पूरा हो पाया है. 22 ग्राम पंचायतों के नमूना ऑडिट में मिले आंकड़ों से पूरे राज्य में इस योजना के तहत गलत लाभ लेने वालों की संख्या का अंदाजा लगाया जा सकता है.

 

ऑडिट के दौरान मुर्दों के अलावा अयोग्य लाभुकों की भी बड़ी संख्या पायी गयी है. अयोग्य लाभुकों का अर्थ विधवा नहीं होने के बावजूद विधवा पेंशन लेना, विकलांग नहीं होने और 60 साल की उम्र सीमा पार नहीं करने के बावजूद इससे संबंधित कार्यक्रम का लाभ उठाना है. ऑडिट में इस कार्यक्रम का गलत लाभ उठाने के लिए अपनाये गये तरीकों का उल्लेख किया गया है. इसमें गलत तरीके से पेंशन पाने के लिये रिश्वत देकर स्वीकृति आदेश पाने की बात कही गयी है. हालांकि इस बात का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है गलत तरीके से पेंशन पाने के लिए किसी रिश्वत दी गयी है.

 

आडिट के आंकड़ों से यह पता चलता है कि धनबाद के टुंडी प्रखंड के महिलारा ग्राम पंचायत में पेंशन लेने वाले मुर्दों की संख्या 25 और टुंडी पंचायत में 57 हैं. यानी इस जिले के दो पंचायत में पेंशन लेने वाले मुर्दों की संख्या 82 है. इस मामले में दुमका के मुर्दे दूसरे नंबर पर है. दुमका जिले के मसलिया प्रखंड के तीन पंचायतों में पेंशन लेने वाले मुर्दों की संख्या 81 है. लातेहार जिले के मुर्दे पेंशन लेने के मामले में तीसरे नंबर हैं. लातेहार के बरवाडीह और चंदवे प्रखंड के दो ग्राम पंचायतों में पेंशन लेने वाले मुर्दों की कुल संख्या 68 है. 

 

रांची जिले के मुर्दे पेंशन लेने के मामले में चौथे नंबर पर हैं. रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड के करमा ग्राम पंचायत में पेंशन लेने वाले मुर्दों की संख्या 29 है. रांची के ही अनगड़ा प्रखंड के गेतलसुद ग्राम पंचायत मे पेंशन लेने वाले मुर्दों की संख्या 29 है. यानी जिले के दो ग्राम पंचायतों में पेंशन लेने वाले मुर्दों की कुल संख्या 51 होने की वजह से वे चौथे नंबर पर हैं.

 

मुर्दा और अयोग्य लोगों द्वारा लिये जा रहे पेंशन

जिला/ग्राम पंचायत  ऑडिटेड   मुर्दा  अयोग्य
चतरा/नवादा    166   27   08
धनबाद/महिलारा  201  25   06
धनबाद/टुंडी   371   57  03
दुमका/बलियाजोर   258   38   38
दुमका/आमगीछी  232  21  44
दुमका/कटहलिया   196   22   81 
गढ़वा/छुतरू   211   13   13
गढवा/खरसोता  535   01   77
गिरिडीह/सोनाबाद  147   06   07
गोड्डा/खरखचिया  224  18   23
गोड्डा/बसुआ 126  07  16
लातेहार/छुंगरू  431  46   88
लातेहार/चंदवाई   429  22    70
रांची/करमा  137  29   13
रांची/गेतलसूद  133  22   07
सरायकेला/गम्हरिया  140  06  01
सरायकेला/नवगांव  325  24  10
साहिबगंज/मकमलपुर(N)  144  05  16
साहिबगंज/ मकमलपुर(S)  173  11  11
सिमडेगा/ बांगरू   377   11  76
सिमडेगा/ रायकेरा  245  34  38

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp