Search

धनबाद: जनता दरबार में उपायुक्त से की अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने की मांग

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) उपायुक्त संदीप सिंह ने मंगलवार 21 मार्च को अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाया व आम-जन की शिकायतें व समस्याएं सुनी. जनता दरबार में शिक्षा, जमीन विवाद संबंधी, ऑनलाइन रसीद, आवास, पेंशन, रोजगार, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, मुआवजा, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं में अनियमितता से संबंधित आवेदन आए. सभी मामलों के आवेदन के तत्काल निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया. ग्राम पंचायत हरिहरपुर से आई मुखिया तबस्सुम खातून ने आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, सामुदायिक पंचायत भवन एवं काजी हाउस के निर्माण हेतु उपायुक्त को आवेदन दिया. उन्होंने बताया कि हरिहरपुर अंतर्गत संथालडीह आंगनबाड़ी केंद्र को रेलवे लाइन निर्माण हेतु अधिग्रहण किया गया है. अधिग्रहण के पश्चात आंगनबाड़ी भवन को ध्वस्त कर दिया गया है. फलस्वरुप आंगनबाड़ी के अधीन समस्त कार्य सुचारू रूप से चलाने में कठिनाई हो रही है. कतरास के पुराना तोपचांची मार्ग, कतरास बाजार से आई मधुमाला ने बाघमारा प्रखंड में अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने हेतु उपायुक्त को आवेदन सौंपा. उन्होंने बताया कि बाघमारा प्रखंड की कुल आबादी अनुमानित पांच लाख से अधिक है. घनी आबादी के बीच आग लगने पर दमकल की गाड़ियों की व्यवस्था नहीं है. उन्होंने उपायुक्त से अग्निशमन की एक गाड़ी प्रखंड कार्यालय बाघमारा या फिर खाली जगह पर रखने की मांग की. धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया की सरिता कुमारी ने छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिलने की शिकायत उपायुक्त से की. उन्होंने बताया कि शैक्षिक सत्र 2021-22 के लिए छात्रवृत्ति का आवेदन कर चुकी है. सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिल पा रही है. उपायुक्त ने सभी आवेदनों को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों को निष्पादन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान होगा. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp