- दो बच्चों समेत कई महिलाएं घायल, इलाके में दहशत
- बीसीसीएल-प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरे ग्रामीण
Dhanbad News : धनबाद में आज मंगलवार क सुबह एक बार फिर भू धंसान की बड़ी घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया. जोगता थाना क्षेत्र के सिजुआ 10 नंबर में अचानक जमीन धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. भू धंसान की चपेट में आने से कई घर जमींदोज हो गए जबकि आसपास के बड़े इलाके में जमीन पर गहरी और चौड़ी दरारें पड़ गईं.
हादसे में दो बच्चों समेत करीब आधा दर्जन महिलाएं घायल हो गईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान एक मासूम बच्चे की मौत हो गई.अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है.

भू धंसान के बाद धरने पर बैठे ग्रामीण
भू धंसान के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है. जमीन में लगातार बढ़ रही दरारों को देखकर लोगों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है. आसपास के कई परिवार अपने घरों से बाहर निकल आए हैं. स्थानीय लोगों को डर है कि भू धंसान का दायरा बढ़ने पर और भी घर इसकी चपेट में आ सकते हैं.
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में बीसीसीएल और जिला प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश है.आक्रोशित ग्रामीणों ने सिजुआ-धनबाद मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार भू धंसान की घटनाएं हो रही हैं लेकिन लोगों की सुरक्षा और पुनर्वास को लेकर अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं.
सड़क जाम और प्रदर्शन के कारण मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है. ग्रामीण प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारियों से तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू करने तथा प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.