Search

धनबाद: सौतेले भाइयों के बीच जमकर मारपीट, दोनों गुटों के कई घायल

Govindpur:  महुबनी-1 पंचायत अंतर्गत निचितपुर गांव में शुक्रवार 12 मई की सुबह सौतेले भाइयों के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों ओर से ईटपत्थर के साथ लाठी, डंडे बरसाए गए. दोनों पक्षों के अंजू देवी, आकाश कुमार महतो, विकास कुमार महतो, परमेश्वर महतो, कुसुम देवी, सुबोध कुमार महतो, आजाद महतो, हरि प्रसाद महतो समेत करीब दर्जन भर लोग घायल हुए. उनमें लगभग आधा दर्जन घायलों को एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार स्व श्याम लाल महतो के चार पुत्रों में पारा शिक्षक हरि प्रसाद महतो एवं कोर्ट के मोहरी जगत महतो एक मां के पुत्र हैं, जबकि एलआईसी एजेंट परमेश्वर महतो एवं राजमिस्त्री बालेश्वर महतो दूसरी मां की संतान हैं. भाइयों में बंटवारे के बाद लंबे समय से रास्ता व नाला को लेकर विवाद चल रहा है. पंचायती में घर के सामने का रास्ता विवाद का निपटारा हो चुका है. परंतु घर के पिछले हिस्से में   कुआं तक जाने का रास्ता का निपटारा नहीं हो सका है. इसी बात को लेकर हरिप्रसाद महतो एवं परमेश्वर महतो कई बार आमने सामने हो चुके हैं. दो दिन पहले पूर्व मुखिया गुल्लू अंसारी की मौजूदगी में पंचायती हुई थी. परंतु गुरुवार से ही महिलाओं के बीच झगड़ा शुरू हो गया था, जो बढ़कर आज तड़के पुरुषों के बीच लाठी डंडा में परिणत हो गया. पड़ोसी जब उठे तो दोनों परिवार खून से लथपथ थे. घटना की सूचना मुखिया को दी गई. मुखिया प्रतिनिधि गुल्लू अंसारी ने सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से करीब आधा दर्जन घायलों को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया गया है. पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है. समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी का आवेदन थाना में नहीं दिया है. पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि आवेदन मिलते ही मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp