Search

धनबाद: कापासारा में ठेका मजदूर व आउटसोर्सिंग संचालक के बीच मारपीट, कई घायल

Maithon :  ईसीएल मुगमा एरिया के कापासारा आउटसोर्सिंग में 8 जून गुरुवार की सुबह छह बजे आउटसोर्सिंग संचालक हरिशंकर पांडेय और उसके बाडीगार्ड के साथ ठेका मजदूरों की मारपीट हो गयी. आरोप है कि ठेका मजदूर   ड्यूटी के बाद जलावन के लिये डिपो से झोला में कोयला ले जाते हैं. संचालक के बॉडीगार्ड ने कोयला चोरी का आरोप लगा कर तीन ठेका मजदूरों की पिटाई कर दी. इसके बाद अन्य ठेका मजदूर गुस्से में आ गए व एकजुट होकर बॉडीगार्ड पर टूट पड़े. मजदूरों ने जमकर बॉडीगार्ड की पिटाई की. सूचना मिलने पर आउटसोर्सिंग संचालक पहुंचे तो मजदूरों ने उन्हें भी पीट दिया. सभी ठेका मजदूर आसपास के गांव के हैं. खबर फैली तो गांवों के लगभग दो सौ लोग भी जुट गए. देर तक तक खूब हंगामा हुआ. ठेका मजदूर और उसके समर्थन में ग्रामीणों का हुजूम देख आउटसोर्सिंग संचालक, बॉडीगार्ड और समर्थक उल्टे पांव भाग खड़े हुए. पांडेय ने निरसा पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर निरसा व गलफरबाड़ी की पुलिस पहुंची और ठेका मजदूरों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया. पुलिस से कहा कि जलावन के लिए एक झोला कोयला ले जाना चोरी है और जो आउटसोर्सिंग संचालक द्वारा हाईवा से कोयला टपाकर बेच दिया जाता है, तो वह क्या है. पुलिस ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत देने को कहा. मारपीट में दोनों पक्षों से पांच-छह लोग घायल हो गये हैं. ठेका मजदूरों में बिट्टू गोस्वामी, मधूसूदन बाउरी एवं राजू राय, जबकि आउटसोर्सिंग संचालक हरिशंकर पांडेय, बॉडीगार्ड राहुल राय, भांजा हर्षित कुमार एवं अन्य को चोट लगी है. इस घटना के बाद से आउटसोर्सिंग का उत्पादन, ट्रांसपोर्टिंग सहित अन्य काम ठप है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp