Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) धनबाद के बैंक मोड़ में पुलिस स्टेशन से मात्र 150 मीटर की दूरी पर विगत मंगलवार 6 सितंबर की सुबह 10 बजे मुथुट फिनकॉर्प में डकैती के दौरान पुलिस से अपराधियों की मुठभेड़ के मामले में बिहार के सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. अपराधियों के खिलाफ बैंक मोड़ थाना के इंस्पेक्टर डॉ प्रमोद कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर अपराधियों के विरुद्ध जानलेवा हमला, सरकारी काम में बाधा, सरकारी काम के दौरान लोक सेवक को क्षति पहुंचाने, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, धोखाधड़ी व आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. सरायढेला थाना प्रभारी वीर सिंह मामले के अनुसंधानकर्ता बनाए गए हैं. बुधवार 7 सितंबर की देर शाम गिरफ्तार अपराधी राहुल सिंह उर्फ राघव एवं आसिफ को धनबाद के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के आवासीय कार्यालय में पेश किया गया. दोनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
धनबाद: मुथुट डाका कांड में बिहार के सात आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआइआर
Last Updated: Sep 07, 2022 12:00 AM (IST)