Search

 
 
 

धनबाद: कोयला चोरी मामले में पांच आरोपियों को सजा

 

लालबंग्ला चौक पर पुलिस ने पकड़ा था

Dhanbad : साइकिल पर चोरी का कोयला ले जाने के मामले में अदालत ने पांच आरोपियों को सजा सुनाई है. धनबाद के अवर न्यायाधीश  राजीव त्रिपाठी की अदालत ने शुक्रवार 15 सितंबर को नामजद आरोपी गोविंदपुर निवासी सुशांतो गोराई, कैलाश प्रसाद महतो, शंकर महतो, प्रदीप महतो व झरिया निवासी पिंटू साव पर आठ आठ हजार रुपये जुर्माना लगाया है. प्राथमिकी एएसआई विजय कुमार की शिकायत पर गोविंदपुर थाने मे दर्ज की गई थी. प्राथमिकी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली कि अवैध रूप से मोटरसाइकिल व साइकिल पर कोयला लोड कर ले जाया जा रहा है. लालबंग्ला चौक पर पुलिस ने कोयला लदी चार मोटरसाइकिल पकड़ी. अनुसंधान के बाद पुलिस ने 14 दिसंबर 22 को आरोप पत्र दायर किया था. 15 अप्रैल 23 को आरोप तय होने के बाद सुनवाई शुरू हुई. सहायक लोक अभियोजक उमेश दीक्षित ने सुनवाई के दौरान  चार गवाहों का परीक्षण कराया था.

  घूस लेते पकड़ाये राजस्व कर्मचारी को भेजा जेल

धनबाद  : रिश्वत लेते एसीबी के हत्थे चढे तोपचांची प्रखंड के राजस्व कर्मचारी सुशील कुमार सिन्हा को एसीबी ने शुक्रवार 15 सितंबर को अदालत में पेश किया. जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरज कुमार विश्वकर्मा की अदालत ने सुशील को चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. तोपचांची प्रखंड के सिंहडीह निवासी शरद कुमार महतो की शिकायत पर राजस्व कर्मचारी को एसीबी ने गुरुवार 14 सितंबर को  पांच हजार रुपये घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया था. आरोप है कि नेशनल हाईवे पर शरद कुमार महतो की जमीन अधिग्रहीत की जा रही थी.   धनबाद भू-अर्जन कार्यालय द्वारा जमीन से संबंधित रिपोर्ट की मांग की गई थी. रिपोर्ट सौंपने के एवज में दस हजार रुपये की मांग की गई थी.

 रिंकू सिंह मामले में गवाह पेश करने का आदेश

धनबाद : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या में शूटर सप्लाई करने के आरोपी मुन्ना बजरंगी के खास रिंकू सिंह उर्फ विकास सिंह उर्फ धर्मेन्द्र सिंह के मुकदमे की सुनवाई जिला एवं सत्र न्यायाधीश अखिलेश कुमार की अदालत में हुई. सुनवाई के दौरान अपर लोक अभियोजक कुलदीप शर्मा ने गवाह पेश करने हेतु समय की याचना की. अदालत ने अभियोजन को गवाह पेश करने का आदेश दिया है. बताते हैं कि इस मामले में रिंकू सिंह जमानत पर है.

अमन सिंह व रवि ठाकुर की पेशी

धनबाद : गोविंदपुर ऊपर बाजार स्थित सिटी फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर गोलबारी के आरोप में जेल में बंद अमन सिंह व उसके सहयोगी इलियास अंसारी, बबलू कुमार मिश्रा,रवि ठाकुर, जावेद अख्तर, कुंदन मिर्धा,शहजाद कुरैशी के विरुद्ध शुक्रवार को सुनवाई हुई. जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने अभियोजन को गवाह पेश करने का आदेश दिया है. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही