Search

 
 
 

धनबाद: गैंगस्टर मांग रहे रंगदारी, राम भरोसे धरती के भगवान

 

चिकित्सकों में दहशत, आईएमए शीघ्र तैयार करेगा आंदोलन की रणनीति

Dhanbad : धनबाद में डॉक्टरों से रंगदारी मांगी जा रही है. रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी भी मिल रही है. चिकित्सकों में दहशत है. धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टर खुद भगवान भरोसे हैं. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर मेजर चंदन का कहना है कि डॉक्टरों पर हमला एसोसिएशन बर्दाश्त नहीं करेगा. एसोसिएशन जल्द ही बैठक कर रणनीति तैयार करेगा.

   सक्रिय हैं प्रिंस खान के गुर्गे

क्लीनि लैब के संचालक डॉ सुमिरन बनर्जी से कुछ दिन पहले गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों ने रंगदारी मांगी है और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है. इस धमकी के बाद से धनबाद के चिकित्सकों में दहशत फैली हुई है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है. बातचीत में आईएमए के अध्यक्ष डॉक्टर मेजर चंदन ने कहा कि धनबाद की विधि-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. यहां अब बड़े व्यवसायियों व डॉक्टरों की सुरक्षा भगवान भरोसे है.

 हस्तक्षेप करे सरकार, वरना होगा पलायन

उन्होंने कहा कि पहले तो व्यवसायियों को निशाना बनाया जा रहा था. परंतु विगत एक वर्ष से धरती के भगवान कहे जाने वाले डॉक्टरों से भी रंगदारी मांगी जा रही और जान से मारने की धमकी दी जा रही है. धनबाद में अब डॉक्टर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. सबसे बड़ा कारण है सरकार की उदासीनता. अपराधियों का मनोबल बढ़ता जा रहा है और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है. इन अपराधियों पर नकेल कसने के लिए हेमंत सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए. हालत ऐसी ही रही तो व्यवसायी व डॉक्टर यहां से पलायन के लिए विवश हो जाएंगे. कई डॉक्टर धनबाद छोड़ने का मन बना भी रहे हैं.

 जरूरत पड़ी तो हड़ताल भी करेंगे

उन्होंने कहा कि डॉक्टरों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. डॉक्टर किसी भी हाल में स्ट्राइक पर नहीं जाना चाहते हैं, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी तो एकजुट होकर स्ट्राइक पर चले जाएंगे. उसका सीधा असर मरीजों पर पड़ेगा और इसकी जवाबदेही राज्य सरकार व जिला प्रशासन की होगी. उन्होंने कहा कि आईएमए इस मामले पर जल्द ही बैठक करेगा. बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार करेंगे. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही