Search

 
 
 

धनबाद : प्रधानखंता के पास मालगाड़ी बेपटरी, शताब्दी-दुरंतो समेत कई ट्रेनें जहां-तंहा रुकी रहीं

 
Dhanbad : धनबाद-आसनसोल रेलखंड पर प्रधानखंता रेलवे स्टेशन के पास शनिवार की सुबह करीब 9 बजे एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई. मालगाड़ी के बेपटरी होने से हावड़ा-रांची शताब्दी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें प्रभावित हुई. दो से तीन घंटे तक प्रधानखंता, बराकर, आसनसोल, धनबाद व पाथरडीह स्टेशन पर ट्रेनें खड़ी रहीं. इससे भीषण गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. ट्रेनों में डेली पैसेंजर के साथ-साथ ड्यूटी करनेवाले, व्यवसायी, मरीज व छात्र सफर कर रहे थे. समय पर कार्यालय, कॉलेज, कोचिंग सेंटर समेत अन्य जरूरी जगहों पर नहीं पहुंचने से परेशान हुए. बताया गया कि खाली मालगाड़ी की रैक पाथरडीह जा रही थी. तभी प्रधानखंता स्टेशन के प्वाइंट के पास डाउन से अप लाइन होकर क्रॉस करते समय मालगाड़ी के एक डिब्बे के चार पहिए उतर गए. प्वाइंट पर मालगाड़ी के बेपटरी होने से अप-डाउन दोनों लाइन जाम हो गई. इसके चलते इस रूट की कई ट्रेनें जहां-तहां रोक दी गईं. इसमें ट्रेन नंबर 12019 हावड़ा-रांची शताब्दी एक्सप्रेस प्रधानखंता में, ट्रेन नंबर 22387 हावड़ा-धनबाद ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस आसनसोल में, ट्रेन नंबर 13503 बर्धमान-हटिया मेमू एक्सप्रेस बराकर में, ट्रेन नंबर 12260 नई दिल्ली-सियालदह दुरंतो एक्सप्रेस धनबाद में और ट्रेन नंबर 08677 विष्णुपुर-धनबाद मेमू को पाथरडीह स्टेशन पर रुकी रही.

लाइन क्लियर करने में लगे दो घंटे

मालगाड़ी के बेपटरी होने से धनबाद-हावड़ा के साथ-साथ धनबाद-पाथरडीह-टाटानगर रेलमार्ग प्रभावित हो गया. मालगाड़ी के बेपटरी होते ही प्रधानखंता स्टेशन मास्टर ने धनबाद और आसनसोल रेल मंडल के कंट्रोल रूम को जानकारी दी. खबर मिलते ही धनबाद स्टेशन से दुर्घटना राहत यान भेजा गया. पहले मालगाड़ी के डिब्बे को काट कर अलग किया गया. इसके बाद बेपटरी डिब्बे को पटरी पर लाया गया. फिर प्वाइंट व पटरी को दुरुस्त किया गया. इसमें करीब दो घंटे लग गए. अप लाइन को सुबह 11 बजे और डाउन को 11 :15 बजे चालू किया गया. उसके बाद बारी-बारी से शताब्दी, ब्लैक डायमंड, वर्धमान-हटिया और विष्णुपुर-धनबाद मेमू को रवाना किया गया. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही